Sitamarhi News: लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी मो. इरफान उर्फ उजाले के खिलाफ पुपरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करते हुए घरेलू सामान जब्त कर लिया. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.
न्यायालय के आदेश पर हुई कुर्की-जब्ती
पुलिस के अनुसार मो. इरफान उर्फ उजाले थाना क्षेत्र के गाढ़ा जोगिया गांव निवासी स्व. अख्तर का पुत्र है. उसके खिलाफ वर्ष 2013 में तत्कालीन थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार के बयान पर पुपरी थाना कांड संख्या 277/13 दर्ज किया गया था. आरोप है कि वह पुलिस अभिरक्षा (कस्टडी) से फरार हो गया था और तब से लगातार फरार चल रहा है.
घर से जब्त किया गया घरेलू सामान
दारोगा रंजीत कुमार और रवि पंडित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की. इस दौरान कुर्सी, टेबल, पलंग, गोदरेज, सूटकेस सहित अन्य घरेलू सामान जब्त कर थाना परिसर में रखा गया. कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही.
'रॉबिन हुड चोर' के नाम से था चर्चित
पुलिस के अनुसार मो. इरफान लग्जरी कारों का इस्तेमाल कर शहरों के संपन्न इलाकों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था. इसी वजह से क्षेत्र में वह 'रॉबिन हुड चोर' के नाम से चर्चित था. पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की भी जांच कर रही है.
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय के आदेश का सख्ती से पालन कराया जाएगा. मो. इरफान उर्फ उजाले की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. जानकारी के अनुसार आरोपी की पत्नी गुलशन प्रवीण क्षेत्र संख्या 34 से जिला परिषद सदस्य हैं.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी: कैंसर और बीपी-शुगर जैसी बीमारियों की पहचान के लिए चलेगा विशेष जांच अभियान
