रीगा चीनी मिल में मानवरहित कांटे से होगी गन्ने की तौल: किसानों को मिलेगा डिजिटल क्यूआर टोकन, 12 सूत्री मांगों पर वार्ता

रीगा चीनी मिल में चालू सीजन से मानवरहित तौल कांटे की सुविधा शुरू होगी। ईंखोत्पादक संघ ने गन्ने का मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की है।

रीगा चीनी मिल: सीतामढ़ी जिले की प्रतिष्ठित रीगा चीनी मिल में आगामी पेराई सत्र के दौरान पारदर्शी व्यवस्था लागू करते हुए मानवरहित इलेक्ट्रॉनिक धर्मकांटे से गन्ने की तौल कराई जाएगी. इस आधुनिक प्रणाली में वाहनों की तौल के लिए डिजिटल टोकन नंबर सीधे स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा, जिसके अनुसार गाड़ियों का वजन किया जाएगा. किसानों व वाहन चालकों को यह डिजिटल टोकन क्यूआर कोड रेलवे गुमटी के समीप से प्राप्त करना होगा. यह महत्वपूर्ण जानकारी रीगा चीनी मिल के महाप्रबंधक संजीव कुमार ने गुरुवार को ईंखोत्पादक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दी.

ईंखोत्पादक संघ ने सौंपा 12 सूत्री मांग-पत्र

बैठक के दौरान ईंखोत्पादक संघ के शिष्टमंडल ने महाप्रबंधक से मिलकर किसानों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को रखा और समाधान की मांग की:

  • गन्ने का मूल्य और भुगतान: किसानों ने गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने तथा केन एक्ट के प्रावधानों के तहत 14 दिनों के भीतर अनिवार्य भुगतान सुनिश्चित करने की मांग रखी.
  • ब्याजमुक्त कृषि इनपुट: क्षेत्र में गन्ने का रकबा बढ़ाने के लिए सघन अभियान चलाने और किसानों को खाद, उन्नत बीज व कीटनाशक दवाएं बिना ब्याज के उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई.
  • पुरस्कार और किसान भवन: सरकारी प्रोत्साहन के साथ मिल प्रबंधन द्वारा प्रगतिशील किसानों को पुरस्कृत करने, फर्जी केसीसी मामलों के निपटारे तथा किसान भवन के जीर्णोद्धार व अतिरिक्त कमरे के निर्माण की बात कही गई.

शासन-प्रशासन को भेजी गई मांग-पत्र की प्रतिलिपि

शिष्टमंडल में संघ के अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद सिंह, गुणानंद चौधरी, मदनमोहन ठाकुर, ओमप्रकाश सिंह, रामाशंकर राय एवं बदरुल हसन शामिल थे. प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक को औपचारिक मांग-पत्र सौंपा. साथ ही इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, गन्ना उद्योग मंत्री, विभागीय सचिव, ईंखायुक्त, डीएम तथा निरानी शुगर कंपनी के चेयरमैन को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की है.

ये भी पढ़ें: सीतामढ़ी: पुपरी में 'सहयोग शिविर' बना खानापूर्ति, जमीन के नाम पर जुटाई गई भीड़; डीएम से शिकायत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राकेश कुमार राज

राकेश पिछले 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. राकेश क्राइम रिपोर्टिंग के अलावा सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने के लिए जाने जाते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति और दिलचस्प किस्से-कहानियों में उनकी विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >