Sitamarhi News: नए राशन कार्ड बनाने के लिए पुपरी प्रखंड कार्यालय स्थित किसान भवन में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अमित कुमार अमन की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में पंचायत स्तर के सभी कर्मियों को योग्य लाभुकों की पहचान कर समय पर आवेदन जमा कराने का निर्देश दिया गया.
Pupri News: 21 जुलाई से 5 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान
बैठक में बताया गया कि 21 जुलाई से 5 अगस्त तक विकास मित्र, पंचायत रोजगार सेवक, आवास सहायक, पंचायत सचिव और किसान सलाहकार अपने-अपने पंचायत क्षेत्र में घर-घर जाकर पात्र परिवारों की पहचान करेंगे. इस दौरान नए राशन कार्ड के लिए आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे.
पात्र परिवारों के आवेदन प्रतिदिन होंगे जमा
बीडीओ अमित कुमार अमन ने कहा कि सभी कर्मी पात्र परिवारों से निर्धारित प्रपत्र में आवेदन प्राप्त कर प्रतिदिन प्रखंड मुख्यालय में जमा करना सुनिश्चित करें. इससे समय पर आवेदनों का निष्पादन हो सकेगा और कोई भी पात्र व्यक्ति राशन कार्ड योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगा.
गांव-गांव पहुंचकर लोगों को दी जाएगी जानकारी
बैठक में अधिकारियों ने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अभियान की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएं और लोगों को आवेदन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें. साथ ही स्पष्ट किया गया कि केवल पात्र परिवारों के ही आवेदन लिए जाएं और अपात्र लोगों के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएं.
5 अगस्त तक आवेदन करने की अपील
प्रखंड प्रशासन ने अपील की है कि जिन पात्र परिवारों के पास अब तक राशन कार्ड नहीं है, वे अपने पंचायत सचिव, पंचायत रोजगार सेवक या विकास मित्र से संपर्क कर 5 अगस्त तक आवेदन जमा करें. बैठक में बीएओ आशुतोष कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी विश्वनाथ दास, मनरेगा पीओ श्याम कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी: कैंसर और बीपी-शुगर जैसी बीमारियों की पहचान के लिए चलेगा विशेष जांच अभियान
