सीतामढ़ी: रथयात्रा में 35 से अधिक श्रद्धालुओं से छिनतई, पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

सीतामढ़ी में श्री जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान 35 से अधिक श्रद्धालुओं की सोने की चेन और मोबाइल छीन लिए गए. घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिली है. एक संदिग्ध महिला हिरासत से फरार हो गई है.

Sitamarhi News: शहर में 20 जुलाई 2026 को निकली श्री जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर 35 से अधिक श्रद्धालुओं की सोने की चेन और मोबाइल छीनने की घटना के पांच दिन बाद भी नगर थाना पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिली है. घटना के बाद की कार्रवाई और हिरासत से एक संदिग्ध महिला के फरार होने की घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.

हिरासत से फरार हुई संदिग्ध महिला

घटना के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश की एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया था. पूछताछ के दौरान वह शौच जाने के बहाने नगर थाना से फरार हो गई. इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एक महिला प्रशिक्षु दारोगा और होमगार्ड की एक महिला सिपाही को निलंबित कर दिया गया है.

संगठित गिरोह पर संदेह

सूत्रों के अनुसार छिनतई की वारदात किसी संगठित गिरोह ने अंजाम दी है. आशंका जताई जा रही है कि गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश से आकर शहर के किसी मोहल्ले में किराये का मकान लेकर रह रहे हैं और भीड़भाड़ वाले धार्मिक व सार्वजनिक आयोजनों को निशाना बनाते हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा.

पीड़ितों ने लगाया लाखों की संपत्ति छिनने का आरोप

छिनतई के शिकार बने लायंस क्लब के जोन चेयरपर्सन एवं मोबाइल व्यवसायी सुमंत कुमार प्रसाद ने बताया कि गांधी चौक के पास फ्रूटी वितरण के दौरान भीड़ में अफरातफरी मची, जिसका फायदा उठाकर करीब 2.5 लाख रुपये की सोने की चेन छीन ली गई.

उमंग कम्युनिकेशन के प्रोपराइटर अभिषेक उमंग ने बताया कि उनकी मां की सोने की चेन भी छीन ली गई. पीड़ितों का दावा है कि रथयात्रा के दौरान कुल मिलाकर 60 से 70 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन और मोबाइल की छिनतई हुई है.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच

पीड़ितों की शिकायत पर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है. नगर थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है तथा संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

यह भी पढ़ें: चोरौत मारपीट मामले में एक और नामजद आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजी गई महिला


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राकेश कुमार राज

राकेश पिछले 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. राकेश क्राइम रिपोर्टिंग के अलावा सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने के लिए जाने जाते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति और दिलचस्प किस्से-कहानियों में उनकी विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >