Sitamarhi News: सीतामढ़ी. मिथिला पंचांग के विश्वविद्यालय पंचांग समेत सभी प्रमुख पंचांगों के अनुसार इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा. मिथिला क्षेत्र में उदयातिथि और पूर्णिमा तिथि के आधार पर इसी दिन राखी बांधने और श्रावणी उपाकर्म का विधान माना गया है. पंडित मुकेश कुमार मिश्र के अनुसार श्रावण पूर्णिमा 27 अगस्त की सुबह शुरू होकर 28 अगस्त की सुबह तक रहेगी. 28 अगस्त को सूर्योदय से सुबह करीब 9:27 बजे तक राखी बांधने का शुभ समय रहेगा.
Raksha Bandhan 2026: सुबह 9:27 बजे तक रहेगा शुभ मुहूर्त
पंडित मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि 28 अगस्त को सूर्योदय से लेकर लगभग सुबह 9:27 बजे तक राखी बांधने का सर्वोत्तम मुहूर्त रहेगा. पूर्णिमा तिथि 28 अगस्त की सुबह समाप्त हो जाएगी. ऐसे में बहनों को सुबह के समय ही भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधना शुभ रहेगा.
मिथिला क्षेत्र में इसी दिन श्रावणी उपाकर्म यानी जनेऊ बदलने का भी विधान माना गया है.
भद्रा समाप्त होने के बाद ही बांधी जाएगी राखी
धार्मिक मान्यता के अनुसार भद्रा काल में राखी बांधना वर्जित माना जाता है. इस वर्ष भद्रा 27 अगस्त को पूर्णिमा तिथि शुरू होने के साथ प्रारंभ होकर रात में समाप्त हो जाएगी.
इसके बाद 28 अगस्त की सुबह भद्रा-मुक्त रहेगी. ऐसे में रक्षाबंधन के लिए सुबह का समय शुभ और अनुकूल माना जा रहा है.
बाजारों में बढ़ी राखियों की रौनक
रक्षाबंधन को लेकर सीतामढ़ी शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक उत्साह का माहौल है. बाजारों में रंग-बिरंगी राखियों, पूजा सामग्री, मिठाइयों और उपहारों की दुकानें सज गयी हैं.
बच्चों और युवतियों में आकर्षक राखियों की खरीदारी को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है. व्यापारियों को भी इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है. घरों में पर्व की तैयारियां तेज हो गयी हैं और बहनें भाइयों के लिए राखियां खरीदने में जुटी हैं.
यह भी पढ़ें: घर के बाहर बैठी महिला को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
