सीतामढ़ी: पुपरी की लाइफलाइन सड़क जर्जर, राहगीरों का चलना हुआ मुश्किल

सीतामढ़ी के पुपरी में कर्पूरी चौक से एनएच 527 सी को जोड़ने वाली सिंगियाही रोड गड्ढों और जलजमाव के कारण बदहाल हो गई है. स्थानीय लोगों में आक्रोश है. पढ़ें पूरी खबर…

सीतामढ़ी के पुपरी से बैधनाथ ठाकुर की रिपोर्ट

Sitamarhi News: नगर परिषद क्षेत्र की घनी आबादी को एनएच 527 सी और दर्जनों गांवों से जोड़ने वाली सिंगियाही रोड पूरी तरह बदहाल हो चुकी है. कर्पूरी चौक से एनएच और आसपास के गांवों तक जाने वाली यह सड़क अब गड्ढों में तब्दील हो गई है. कई जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बरसात में और बढ़ जाती है परेशानी

बरसात शुरू होते ही सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है. जलजमाव के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन बाइक और साइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. कई लोग सड़क पर गिरकर घायल हो चुके हैं. हाथ-पैर टूटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं.

नगर परिषद पर लोगों का फूटा गुस्सा

स्थानीय निवासी गुलाब ठाकुर, कुमार मंगलम्, अभिषेक कुमार मोना, प्रभात कुमार चंदन, मुकेश कुमार, दिनेश्वर मिश्र, नवीन कुमार मिश्र और शीतेश कुमार समेत अन्य लोगों ने नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाया है.

लोगों का कहना है कि नगर परिषद समय पर हाउस टैक्स और यूजर चार्ज वसूलती है, लेकिन मूलभूत सुविधाएं देने में विफल है. कई बार शिकायत और आग्रह करने के बावजूद सड़क की मरम्मत या निर्माण नहीं कराया गया.

मरीज और व्यापारी भी परेशान

वार्डवासियों ने बताया कि यह क्षेत्र की मुख्य सड़क है. मरीजों को अस्पताल ले जाने, बच्चों को स्कूल भेजने और व्यापारियों को सामान लाने-ले जाने में भारी दिक्कत हो रही है.

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, सभापति, उपसभापति, एसडीओ और जिलाधिकारी से मांग की है कि बरसात से पहले सड़क का नया निर्माण और पीसी कार्य कराया जाए. साथ ही जलजमाव की समस्या का भी स्थायी समाधान किया जाए.

लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा.

क्या बोले कार्यपालक पदाधिकारी

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी केशव गोयल ने बताया कि सड़क और पक्की नाला निर्माण के लिए प्रारूप बनाकर विभाग को स्वीकृति हेतु भेजा गया है.

उन्होंने कहा कि स्वीकृति मिलते ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा. फिलहाल एक सप्ताह के भीतर सड़क के गड्ढों को भरवाकर आवागमन सुगम बनाने का कार्य कराया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >