Pupri News: पुपरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में शुक्रवार को डॉक्टर और जीएनएम के बीच हुए विवाद के कारण कुछ समय के लिए स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गईं. इस दौरान इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
डॉक्टर और जीएनएम के बीच हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पर मौजूद डॉ. अरविंद कुमार और अस्पताल में तैनात एक जीएनएम के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई. इसके बाद जीएनएम ने डॉ. अरविंद पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए मरीजों के इलाज में सहयोग बंद कर दिया.
वहीं डॉ. अरविंद कुमार ने मीडिया के समक्ष आरोप लगाया कि अस्पताल में तैनात संबंधित जीएनएम डिलीवरी के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों से अवैध रूप से पैसे की मांग करती हैं.
मरीजों को उठानी पड़ी परेशानी
विवाद बढ़ने के कारण पर्चा काउंटर से लेकर उपचार तक की व्यवस्था प्रभावित हो गई. इससे मरीजों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा.
मधुबनी चौक से इलाज कराने पहुंचे रमन राय ने बताया कि डॉक्टर और नर्स के विवाद के कारण पर्चा तक नहीं कट रहा था, जिससे मरीजों को भारी परेशानी हुई.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने दिए जांच के आदेश
स्थिति बिगड़ने के बाद अस्पताल में इलाज की व्यवस्था फिर से शुरू कराई गई.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कफील अख्तर अंसारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिल चुकी है. दोनों पक्षों की बातें सुनी गई हैं और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में शादी के एक साल बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
