Dinesh Yadav Murder Case: रीगा थाना क्षेत्र के भवदेपुर सब्जी बाजार में प्रॉपर्टी डीलर एवं बाजार ठेकेदार दिनेश यादव की हत्या के मामले में नया मोड़ आया है. मृतक की पत्नी पूनम देवी के आवेदन पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
मामले में हत्या के साथ-साथ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
पत्नी ने क्या आरोप लगाया?
दर्ज प्राथमिकी में पूनम देवी ने बताया कि 25 जुलाई की शाम करीब 7.30 बजे वह अपने पति दिनेश यादव के साथ भवदेपुर बाजार सब्जी खरीदने जा रही थीं.
आरोप है कि डॉ. हरि प्रसाद के घर के पास पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने चार शूटरों के साथ उनके पति को घेर लिया. प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने कथित रूप से कहा कि "यही दिनेश यादव है, आज इसे इतना गोली मारो कि इसकी पहचान होना मुश्किल हो जाए." इसके बाद गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई.
प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी.
किन लोगों को बनाया गया आरोपी?
पत्नी के आवेदन पर दर्ज प्राथमिकी में मेहसौल थाना क्षेत्र के मेहसौल चौक वार्ड-23 निवासी शमीम अनवर खान उर्फ गुड्डु खान, शाहीन अनवर खान उर्फ पिंकी खान, तथा नगर थाना क्षेत्र के सरावगी चौक वार्ड-11 निवासी रतन सरावगी और उनके पुत्र अभिषेक सरावगी उर्फ सोनू को नामजद आरोपी बनाया गया है.
ये आरोप प्राथमिकी में दर्ज हैं. इनकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी.
पुलिस ने क्या कहा?
रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पहले भी जुड़ चुका है हत्या का मामला
गौरतलब है कि 25 जुलाई की शाम बाइक सवार अपराधियों ने शहर के इंद्रा नगर वार्ड-18 निवासी दिनेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
पुलिस के अनुसार, मृतक दिनेश यादव का भाई राकेश यादव, वर्ष 2025 में मेहसौल चौक निवासी वसीम अनवर खान उर्फ पुट्टू खान की हत्या का मुख्य अभियुक्त है और वह फिलहाल फरार चल रहा है.
पुलिस अब दिनेश यादव हत्याकांड की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है.
