Sitamarhi News: सीतामढ़ी में प्राइवेट स्कूल ऑर्गेनाइजेशन का जिला स्तरीय सम्मेलन 20 सितंबर को शिप्रा गार्डन में जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ. सम्मेलन का उद्घाटन बिहार इंडिपेंडेंट प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन (बीप्सा) के सचिव अनिल कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
कार्यक्रम की शुरुआत छह छंदों में वंदे मातरम के गायन से हुई. इसके बाद जानकी विद्या निकेतन की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया. सम्मेलन में जिले के सभी प्रखंडों के निजी विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कार पर जोर
सम्मेलन में वक्ताओं ने निजी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने पर जोर दिया.
वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण पर भी ध्यान दिया जाना जरूरी है. विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने को लेकर भी विचार रखे गये.
जिलेभर के निजी स्कूलों के प्रतिनिधि हुए शामिल
जिला सम्मेलन में सीतामढ़ी जिले के सभी प्रखंडों से निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि पहुंचे. विशिष्ट अतिथि के रूप में अनुमंडल अग्निशामक पदाधिकारी श्वेता कुमारी मौजूद रहीं.
इसके अलावा शिवहर जिला संगठन के प्रतिनिधिमंडल, जिला माध्यमिक संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार और अराजपत्रित प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री दिलीप शाही ने सम्मेलन में पहुंचकर शुभकामनाएं दीं.
उत्कृष्ट शिक्षकों और विद्यालयों को मिला सम्मान
सम्मेलन के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और विद्यालयों को एक्सिलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के सम्मान से शिक्षकों और विद्यालयों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहन मिलता है. कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों को भी साझा किया गया.
नयी कार्यकारिणी का हुआ गठन
सम्मेलन के दौरान नए सत्र के लिए संगठन की नयी कार्यकारिणी का निर्वाचन किया गया.
नई कार्यकारिणी में दिनेश चंद्र द्विवेदी को चेयरमैन, मो. शमशाद खान को अध्यक्ष, राकेश आचार्य और वीरेंद्र सिंह को उपाध्यक्ष तथा उमेश कुमार को सचिव निर्वाचित किया गया.
जिला महासचिव महेश कुमार सिंह समेत स्वागत समिति के सदस्यों ने सम्मेलन के आयोजन में सहयोग किया.
राष्ट्रगान के साथ हुआ सम्मेलन का समापन
सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ. कार्यक्रम के दौरान निजी विद्यालयों से जुड़े प्रतिनिधियों ने संगठनात्मक गतिविधियों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया.
आयोजकों ने शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों के विकास को लेकर आगे भी प्रयास जारी रखने की बात कही.
ये भी पढ़ें: सीतामढ़ी के बेटे शांतनु ने किया कमाल, लगातार तीसरी बार UGC NET में पायी सफलता
