Sitamarhi News: नगर के वार्ड संख्या 5 और 6 के बीच एसएच-52 से गुमटी संख्या-36 होते हुए शंभू प्रसाद के घर तक बन रहे पक्के नाले और पीसीसी सड़क का निर्माण अधूरा पड़ा है. बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और जलजमाव होने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक की लापरवाही और विभागीय उदासीनता के कारण निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है.
सड़क खोदकर छोड़ दी, नाला भी अधूरा
स्थानीय निवासी हृषिकेश कुमार चौधरी, उमाशंकर ठाकुर, कृष्ण मुरारी गिरि, भोगेंद्र गिरि और राजकुमार मंडल ने बताया कि संवेदक ने नाला बनाकर गुमटी के पास अधूरा छोड़ दिया है.
साथ ही सड़क की खुदाई के बाद अब तक पीसीसी ढलाई नहीं कराई गई है. बारिश होने पर पूरी सड़क कीचड़ और गड्ढों में बदल जाती है.
बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल आने-जाने वाले बच्चे और बुजुर्ग आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं.
दोपहिया और चारपहिया वाहन भी कीचड़ में फंस रहे हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है.
शिकायत के बाद भी नहीं बढ़ा काम
पूर्व मुखिया प्रवीण कुमार और संजय पासवान ने बताया कि घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है. बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचाने में दिक्कत हो रही है.
लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बुडको के अधिकारी और संवेदक ने निर्माण कार्य में तेजी नहीं दिखाई. उन्होंने जल्द काम पूरा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है.
बुडको ने एक सप्ताह में काम पूरा कराने का दिया भरोसा
इस संबंध में बुडको के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि नल-जल योजना की पाइपलाइन टूटने और लगातार बारिश के कारण जलजमाव की स्थिति बनी है.
उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर सभी घरों में पाइपलाइन चालू कर पीसीसी सड़क की ढलाई का कार्य पूरा करा दिया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके.
