Sitamarhi News: सीतामढ़ी नगर निगम क्षेत्र के सैकड़ों गरीब परिवारों के पक्के मकान का सपना राशि के अभाव में अधूरा पड़ा है. आवास योजना के तहत स्वीकृति मिलने और निर्माण शुरू होने के बावजूद कई लाभुक करीब डेढ़ साल से अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं. कई परिवार आधा-अधूरा मकान बनाकर शेष राशि के लिए नगर निगम का चक्कर लगा रहे हैं. निगम ने सरकार को राशि की मांग भेजी है, लेकिन आवंटन नहीं मिलने से भुगतान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है.
278 पुराने लाभुकों के डेढ़-डेढ़ लाख रुपये लंबित
नगर निगम की विभागीय जानकारी के अनुसार डुमरा नगर पंचायत और सीतामढ़ी नगर परिषद के समय के 278 लाभुकों को करीब डेढ़-डेढ़ लाख रुपये का भुगतान लंबित है. इसके अलावा 284 परिवारों की 50-50 हजार रुपये की अंतिम किस्त तथा 134 लाभुक परिवारों की 30-30 हजार रुपये की राशि भी बाकी है.
लंबित राशि के भुगतान के लिए जुलाई में सरकार को डिमांड भेजी गई है. अब नगर निगम को आवंटन मिलने का इंतजार है.
2087 स्वीकृत लाभुक भी भुगतान की प्रतीक्षा में
नगर निगम क्षेत्र में आवास योजना के 2087 पुराने स्वीकृत लाभुक परिवार ऐसे हैं, जिनका भौतिक सत्यापन भी पूरा हो चुका है. सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण पात्र लाभुकों को योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है.
दूसरी ओर सरकार की ओर से गरीब परिवारों को आवास योजना का लाभ देने पर लगातार जोर दिया जा रहा है.
आवास प्लस में 1675 आवेदन स्वीकृत
आवास प्लस योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र से प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों में 1675 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं. इनमें अधिकांश लाभुकों के खातों में पहली किस्त भेजी जा चुकी है. हालांकि करीब 200 स्वीकृत आवेदकों का भुगतान अभी लंबित है.
वहीं 40 से 50 आवेदनों में गड़बड़ी मिलने के बाद सक्षम अधिकारी स्तर से जांच की जा रही है. जांच के दौरान कुछ और आवेदनों की छंटनी भी संभव है.
राशि मिलते ही भुगतान में आएगी तेजी
नगर आयुक्त डॉ. गजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि आवास योजना की लंबित राशि का आवंटन मिलते ही पुराने लाभुकों के भुगतान की प्रक्रिया तेज की जाएगी. इससे लंबे समय से अधूरे पड़े मकानों का निर्माण पूरा होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में रिंग बांध सड़क का काम अटका, बिजली पोल और पेड़ों के कारण निर्माण की रफ्तार धीमी
