Bihar Success Story: बिहार के सीतामढ़ी जिले के निवासी पवन मुरादपुरी भारतीय फिल्म और संगीत जगत में म्यूजिक डायरेक्टर, कंपोजर और गीतकार के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. पिछले करीब 18 वर्षों से मुंबई की संगीत इंडस्ट्री में सक्रिय रहते हुए उन्होंने हिंदी और भोजपुरी फिल्मों, वेब सीरीज तथा म्यूजिक एल्बमों के लिए संगीत निर्देशन किया है. उनके 100 से अधिक गीत विभिन्न डिजिटल ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो चुके हैं.
कई फिल्मों में दिया संगीत
पवन कुमार मंडल ने भोजपुरी फिल्मों 'खगड़िया वाली भौजी', 'हम बानी बिहारी टाइगर', 'दीवाना दिल माने ना', 'आई लव यू' और 'हमार नाम बा कन्हैया' में संगीत निर्देशन किया है. इसके अलावा हिंदी फिल्मों 'कोड ब्लू', 'कुल्ली', 'पेंगो गेस्ट' तथा वेब सीरीज 'सतरंगी' में भी उनका योगदान रहा है.
एल्बमों को भी मिली पहचान
उनके संगीत एल्बम 'मजा ले ले', 'क्या फर्क पड़ता है' और 'रोज आती हो तुम ख्यालों में' को भी श्रोताओं ने सराहा है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनके कई गीत लोकप्रिय हो चुके हैं.
दिग्गज गायकों के साथ किया काम
अपने संगीत सफर के दौरान पवन मुरादपुरी को उदित नारायण, कुमार सानू, अलका याज्ञनिक, मोहम्मद अज़ीज़, जावेद अली, देव नेगी, कल्पना पटवारी और इंदु सोनाली जैसे प्रसिद्ध गायकों के साथ काम करने का अवसर मिला. उन्होंने कई अन्य कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ भी संगीत निर्माण के क्षेत्र में कार्य किया है.
नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का लक्ष्य
पवन मुरादपुरी का उद्देश्य मौलिक और उच्च गुणवत्ता वाला संगीत तैयार करना, नई प्रतिभाओं को मंच देना तथा बिहार की प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में रिश्वत मांगने के आरोप में डेटा एंट्री ऑपरेटर बर्खास्त, मंत्री के निर्देश पर हुई कार्रवाई
