गांधी चौक पर अब नहीं खड़े होंगे वाहन सड़क किनारे, पहले बनेगी पार्किंग और पिंक टॉयलेट

सीतामढ़ी के गांधी चौक पर यातायात जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है. पुराने नगर परिषद कार्यालय परिसर में अब पहले वाहन पार्किंग स्थल और सार्वजनिक शौचालय (पिंक टॉयलेट) का निर्माण होगा, उसके बाद आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स बनेगा. यह कदम शहर की पार्किंग और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में उठाया गया है.

Sitamarhi News: सीतामढ़ी. शहर के गांधी चौक स्थित पुराने नगर परिषद कार्यालय परिसर में अब मार्केट कांप्लेक्स से पहले वाहन पार्किंग स्थल विकसित किया जाएगा. नगर निगम बोर्ड ने पहले से प्रस्तावित आधुनिक मार्केट कांप्लेक्स की योजना में बदलाव करते हुए तत्काल जरूरत को देखते हुए पार्किंग निर्माण को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही परिसर में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है.

मार्केट कांप्लेक्स की जगह पहले पार्किंग बनाने का फैसला

महापौर रौनक जहां परवेज के अनुसार, पुराने नगर परिषद कार्यालय परिसर में पहले आधुनिक मार्केट कांप्लेक्स बनाने की योजना थी. हालांकि विभिन्न विभागों से तकनीकी और अन्य स्वीकृतियों की लंबी प्रक्रिया को देखते हुए बोर्ड ने योजना में बदलाव किया है.

अब पुराने भवन को हटाकर सबसे पहले पार्किंग स्थल विकसित करने का निर्णय लिया गया है, ताकि शहर की बढ़ती यातायात समस्या को कम किया जा सके.

गांधी चौक और गुदरी बाजार में पार्किंग की बड़ी समस्या

महापौर ने बताया कि गांधी चौक, गुदरी बाजार और टाउन थाना क्षेत्र शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल हैं. यहां खरीदारी के लिए जिले के विभिन्न हिस्सों के अलावा नेपाल से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं.

पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग सड़क किनारे वाहन खड़ा करने को मजबूर होते हैं. इससे रोजाना जाम की स्थिति बनती है. सड़क किनारे वाहन खड़े रहने से चोरी की आशंका भी बनी रहती है.

सुरक्षित पार्किंग की सुविधा मिलने की उम्मीद

नगर निगम के अनुसार, पार्किंग स्थल विकसित होने के बाद लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए व्यवस्थित और सुरक्षित जगह उपलब्ध होगी. इससे मुख्य बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे पार्किंग का दबाव कम होने की उम्मीद है.

महापौर ने बताया कि भविष्य में जरूरत के अनुसार इसी परिसर में नीचे पार्किंग और ऊपर मार्केट कांप्लेक्स विकसित करने पर भी विचार किया जा सकता है.

पुराने भवन को हटाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया

महापौर के अनुसार, पुराने नगर परिषद कार्यालय भवन को हटाने की प्रक्रिया टेंडर के माध्यम से पूरी की जानी है. इसी प्रक्रिया के कारण पार्किंग निर्माण शुरू होने में कुछ विलंब हुआ है.

नगर निगम की ओर से अब इंजीनियर को पार्किंग निर्माण के लिए स्टीमेट तैयार करने को कहा गया है. इसके बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी.

परिसर में पिंक टॉयलेट का निर्माण शुरू

पुराने कार्यालय परिसर में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है. इसे विशेष रूप से बाजार क्षेत्र में आने वाली महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण सुविधा माना जा रहा है.

पार्किंग के साथ सार्वजनिक शौचालय की सुविधा मिलने से गांधी चौक और आसपास के बाजार क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है.

नवरात्रि तक शुरू हो सकता है पार्किंग का काम

नगर आयुक्त डॉ. गजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि पार्किंग स्थल निर्माण को लेकर इंजीनियर को टेंडर के लिए स्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया गया है. उम्मीद है कि नवरात्रि तक टेंडर के माध्यम से पुराने भवन को हटाने के बाद पार्किंग स्थल निर्माण का काम शुरू हो जाएगा.

नगर निगम की इस पहल से बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और नागरिकों को पार्किंग व सार्वजनिक शौचालय जैसी सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गयी है.

यह भी पढ़ें: बेतिया के सिकटा में सवारी लेकर आ रहा था तांगा चालक, रास्ते में बिगड़ी तबीयत, घोड़ा गाड़ी पर ही थमी सांस

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रतिकांत झा

रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >