विधानसभा चुनाव-2025 : प्रेक्षकों ने निर्वाची अधिकारियों के साथ किया बैठक

बिहार विधानसभा चुनाव के स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी पूर्ण है.

डुमरा. बिहार विधानसभा चुनाव के स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी पूर्ण है. चुनाव कार्य के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिले में कुल 11 प्रेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में सभी प्रेक्षकों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी सह डीएम रिची पांडेय व एसपी अमित रंजन के साथ सभी निर्वाची पदाधिकारी व सभी कोषांगों के नोडल एवं वरीय पदाधिकारी के साथ बैठक की गयी. इस दौरान सभी प्रेक्षकों ने विधानसभावार चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों द्वारा किये जा रहे कार्यों पर संतोष प्रकट किया. सभी प्रेक्षक ने कहा कि सीतामढ़ी जिले में निर्वाचन कार्य की तैयारी सुचारु रूप से की जा रही है व सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता एवं जिम्मेदारी से कर रहे हैं. उन्होंने इसे लोकतंत्र का महापर्व बताते हुए सभी अधिकारियों से आह्वान किया कि मतदाताओं के बीच उत्सवी वातावरण बनाते हुए फ्री एंड फेयर चुनाव संपन्न कराएं. कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाय. प्रत्येक पदाधिकारी अपने-अपने कार्य क्षेत्र में समयबद्ध, पारदर्शी एवं जवाबदेह तरीके से कार्य करें.

चुनाव संबंधी तैयारियों की दी जानकारी

डीएम ने जिले में चुनाव की तैयारी से संबंधित अद्यतन स्थिति से सभी प्रेक्षकों को अवगत कराया. उन्होंने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से कोषांगवार किये जा रहे कार्यों का ब्यौरा दिया. उन्होंने बताया कि जिले में कुल मतदाता 2461901 हैं, जिनमें पुरुष मतदाता 1314300, महिला मतदाता 1147556 व ट्रांसजेंडर मतदाता 45 है. इसके अतिरिक्त दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 26076, 18-19 आयु वर्ग के मतदाता 51913, 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता 9891 व सेवा मतदाता की संख्या 2591 है. जिले में कुल 2910 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि मतदान भवनों की संख्या 1448 है.सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गयी है.

291 सेक्टर अधिकारियों की होगी तैनाती

बैठक के दौरान डीएम ने बताया कि निर्वाचन कार्य में कुल 291 सेक्टर पदाधिकारी की तैनाती की गयी है, जिन्हें आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है. इसी प्रकार मतदान कर्मी 21232, एइओ 13, एफएसटी 33, एसएसटी 41, वीएसटी 19 एवं वीवीटी के 8 टीम कार्यरत हैं. सभी को प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की शिथिलता न रहे. इसके अलावे जिले में 31 प्रभावी चेकपोस्ट स्थापित कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है.

फिलहाल अर्द्धसैनिक बलों की 16 कंपनी तैनात

उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 16 कंपनी अर्द्धसैनिक बल पहुंच चुकी है. इनका उपयोग एरिया डोमिनेशन, फ्लैग मार्च, विश्वास बहाली अभियान व संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए किया जा रहा है. उत्पाद विभाग, पुलिस विभाग व अन्य प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. डीएम ने बताया कि यह कार्रवाई आयोग के शून्य-सहनशीलता सिद्धांत के अनुरूप संचालित है.

अनुमति के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू

सभी प्रकार की अनुमति (जैसे सभा, जुलूस, प्रचार वाहन आदि) के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है, जिससे आवेदन की त्वरित स्वीकृति एवं पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित हो. इसके अलावे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आइसीडीएस की सेविका-सहायिका, जीविका दीदी, स्कूली बच्चे तथा स्वयंसेवी संगठन सक्रिय रूप से स्वीप गतिविधियों में भाग ले रहे हैं. नुक्कड़ नाटक, प्रभातफेरी, रंगोली प्रतियोगिता, हस्ताक्षर अभियान, संध्या चौपाल एवं मतदाता शपथ कार्यक्रम के माध्यम से आमजनों को मतदान के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANJEET THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >