सड़क छोड़ नदी बनी शराब तस्करी का रास्ता, लखनदेई की धारा से मिली 3300 बोतल नेपाली शराब

शराब तस्करों ने अपनाई नई तरकीब! कन्हौली थाना पुलिस ने लखनदेई नदी की धारा से 3300 बोतल नेपाली देशी सौंफी शराब बरामद की. यह खेप नदी के सहारे भारतीय सीमा में पहुंचाई जा रही थी. पुलिस अज्ञात तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जुटी है.

Sitamarhi News: सोनबरसा. कन्हौली थाना पुलिस ने सोमवार की अहले सुबह शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लखनदेई नदी की धारा से भारी मात्रा में नेपाली देशी सौंफी शराब बरामद की. पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही अज्ञात तस्कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने शराब जब्त कर अज्ञात तस्कर के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है और उसकी पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है.

गुप्त सूचना पर लखनदेई नदी में हुई छापेमारी

कन्हौली थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर नेपाल से शराब लाकर पारंपरिक रास्तों के बजाय लखनदेई नदी की धारा के सहारे भारतीय क्षेत्र में पहुंचा रहे हैं. सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोहचटी गांव स्थित मध्य विद्यालय के पीछे नदी की धारा में छापेमारी की.

टीम में सब इंस्पेक्टर शशिकांत प्रसाद, अंकुश कुमार, पिन्टु कुमार समेत सशस्त्र बल शामिल थे.

काले पॉलीथिन में बंधी मिली संदिग्ध गठरियां

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को नदी की धारा में काले पॉलीथिन में बंधी कई संदिग्ध गठरियां दिखाई दीं. पुलिस ने सभी गठरियों को पानी से बाहर निकाला और उनकी तलाशी ली. जांच के दौरान इनमें नेपाली देशी सौंफी शराब की बड़ी खेप मिली.

पुलिस ने बरामद शराब को तत्काल जब्त कर लिया और मौके पर मौजूद तस्कर की तलाश शुरू की, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा.

22 बोरा में मिली 3300 बोतल शराब

पुलिस की तलाशी में नदी से कुल 22 बोरा बरामद किया गया. प्रत्येक बोरे में पांच कार्टून रखे हुए थे. सभी कार्टूनों की जांच करने पर कुल 3300 पीस नेपाली देशी सौंफी शराब बरामद हुई.

बरामद प्रत्येक बोतल की क्षमता 300 एमएल बतायी गयी है. पुलिस ने शराब की खेप को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

नदी की धारा को तस्करी का बनाया रास्ता

पुलिस के अनुसार, शराब तस्करों की ओर से निगरानी से बचने के लिए लगातार नए रास्ते और तरीके अपनाए जा रहे हैं. पहले सड़क, पगडंडी और सुनसान रास्तों के इस्तेमाल की बात सामने आती रही है, लेकिन इस कार्रवाई में नदी की धारा के सहारे शराब पहुंचाने का तरीका सामने आया है.

काले पॉलीथिन में शराब को बांधकर पानी के सहारे नेपाल से भारतीय क्षेत्र की ओर बहाने का तरीका अपनाये जाने की बात सामने आयी है.

किनारे निकालकर आगे भेजने की थी तैयारी

पुलिस को आशंका है कि तस्कर नदी के किनारे किसी सुरक्षित स्थान पर शराब की खेप निकालने के बाद इसे छोटे वाहनों या अन्य साधनों के जरिए आगे पहुंचाने की तैयारी में थे. हालांकि, इससे पहले ही पुलिस को इसकी भनक लग गयी और नदी से शराब की बड़ी खेप बरामद कर ली गयी.

अज्ञात तस्कर की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस ने अज्ञात तस्कर के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप नेपाल से कहां से लायी गयी थी, इसे किसके पास पहुंचाया जाना था और इस तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं.

पुलिस तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है.

यह भी पढ़ें: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के तीन कॉलेजों में सीट से अधिक नामांकन, नोटिस जारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Birndra kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >