टैक्स वसूल रहा नगर निगम, फिर भी सालभर सड़क पर नाले का पानी; सीतामढ़ी के व्यापारिक हब का हाल

सीतामढ़ी के प्रमुख व्यापारिक केंद्र कोट बाजार में जलजमाव की गंभीर समस्या है. गोला चौक जैसे व्यस्त इलाकों में नालियों की बदहाली से गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है, जिससे आमजन और व्यापारियों को भारी परेशानी हो रही है.

Kot Bazar Waterlogging: शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र और किराना मंडी के रूप में पहचान रखने वाले कोट बाजार में बुनियादी सुविधाओं की कमी से व्यवसायी और स्थानीय लोग परेशान हैं. सबसे खराब स्थिति गोला चौक और आसपास की है, जहां नालों का गंदा पानी सड़क पर फैलने से जलजमाव, दुर्गंध और मच्छरों की समस्या बनी हुई है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और नगर निगम से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका.

शहर के कई प्रमुख रास्तों को जोड़ता है गोला चौक

गोला चौक से जानकी स्थान, रिंग बांध, गुदरी बाजार, सोना पट्टी, बासुश्री चौक, पासवान चौक और सिनेमा रोड समेत कई प्रमुख इलाकों की ओर रास्ते जाते हैं. संकरी सड़क और गलियों के बावजूद यहां हर दिन जिलेभर से बड़ी संख्या में ग्राहक और खुदरा दुकानदार पहुंचते हैं.

ऐसे व्यस्त इलाके में डस्टबिन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से कचरा नालों के किनारे फेंके जाने की शिकायत है. इससे नालियां जाम होती हैं और गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है.

हल्की बारिश में भी सड़क पर भर जाता है पानी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके की नालियां उथली और जर्जर हो चुकी हैं. दूसरी ओर समय के साथ क्षेत्र की आबादी और व्यापार दोनों बढ़े हैं, लेकिन जलनिकासी की व्यवस्था उस हिसाब से विकसित नहीं हो सकी.

नगर निगम की ओर से पिछले वर्ष से गोला चौक के पास जेनरेटर से चलने वाले पंपसेट के जरिए पानी निकाला जा रहा है. इसके बावजूद हल्की बारिश होने पर भी सड़क पर जलजमाव की स्थिति बन जाती है.

इसका सीधा असर दुकानदारों और ग्राहकों पर पड़ता है. पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ता है.

अधूरी ड्रेनेज योजना पर उठाए सवाल

सामाजिक कार्यकर्ता नारायण श्रीवास्तव उर्फ डिंपू, आलोक कुमार, राकेश चौधरी, राहुल कुमार, साहिल गोस्वामी, संजय कुमार और अनिल कुमार समेत अन्य लोगों ने नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.

उनका कहना है कि नगर निगम नियमित टैक्स वसूलता है, लेकिन इलाके में जरूरी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बुडको की ड्रेनेज योजना अधूरी है और समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हुई.

नालों के पुनर्निर्माण और स्थायी जलनिकासी की मांग

स्थानीय व्यवसायियों और निवासियों ने नालों का पुनर्निर्माण कराने के साथ ठोस जलनिकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की है.

लोगों का कहना है कि कोट बाजार जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र में जलजमाव और गंदगी की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है, ताकि व्यवसायियों, ग्राहकों और स्थानीय निवासियों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >