स्वास्थ्य मंत्री के औचक निरीक्षण में खुली सदर अस्पताल की कुव्यवस्था, ड्यूटी से गायब मिलीं डॉक्टर

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सीतामढ़ी सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। ड्यूटी से गायब डॉक्टरों और बदहाल व्यवस्था पर मंत्री ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Health Minister Nishant Kumar inspection: सीतामढ़ी में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल उस वक्त खुल गई, जब स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने रविवार की रात करीब 10:15 बजे सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. सिविल सर्जन डॉ आरके यादव के साथ मंत्री रात करीब 12:15 बजे तक अस्पताल में रहे. इस दौरान लेबर रूम, कंट्रोल रूम, आईसीयू, इमरजेंसी समेत विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और मरीजों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कई व्यवस्थाओं में भारी खामियां सामने आयीं. मंत्री ने एमसीएच गेट से अस्पताल में प्रवेश किया और सबसे पहले लेबर रूम, कंट्रोल रूम व सीसीटीवी व्यवस्था का निरीक्षण किया. अस्पताल में लगे करीब 65 सीसीटीवी कैमरों के सेटअप की उन्होंने सराहना की. इसके बाद आईसीयू और इमरजेंसी वार्ड में पहुंचकर भर्ती मरीजों से इलाज और सुविधाओं की जानकारी ली तथा मेडिकल रिकॉर्ड भी देखे.

रोस्टर में ड्यूटी, लेकिन आईसीयू से गायब मिलीं डॉक्टर

आईसीयू के निरीक्षण के दौरान रोस्टर के अनुसार ड्यूटी पर तैनात डॉ शोभा अस्पताल में मौजूद नहीं थीं. मंत्री के निर्देश पर उन्हें तत्काल फोन कर बुलाया गया. इस औचक जांच के दौरान अस्पताल की ड्यूटी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

Sadar hospital: तीन दिनों से नहीं बदली गई थी बेडशीट

मरीजों ने मंत्री से शिकायत की कि कई बेडों पर दो से तीन दिनों से बेडशीट नहीं बदली गई है. सफाई व्यवस्था की शिकायत पर बताया गया कि बारिश के कारण धुलाई और सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है. मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय करने का निर्देश दिया.

ICU doctor absent: सोनोग्राफी से लेकर एंबुलेंस तक की शिकायत

मरीजों व तीमारदारों ने अल्ट्रासाउंड और सोनोग्राफी के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, सीटी स्कैन में पावर बैकअप की समस्या, एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने और अस्पताल कर्मियों के दुर्व्यवहार की शिकायत मंत्री से की. इन शिकायतों से अस्पताल में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तविक स्थिति उजागर हुई है.

Bihar News: रिपोर्ट तलब और सख्त निर्देश

मंत्री ने बेडशीट धुलाई एजेंसी मेसर्स संजय कुमार, शौचालय रखरखाव एजेंसी सुलभ इंटरनेशनल और ड्यूटी से अनुपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों की रिपोर्ट मांगी है. औचक निरीक्षण के दौरान सामने आई इन तमाम खामियों ने सदर अस्पताल की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है.

यह भी पढ़ें... गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस से 67 लीटर विदेशी शराब के साथ बेडरोल स्टाफ गिरफ्तार



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्र मोहन झा

चंद्रमोहन विगत 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे जिला और ब्लॉक स्तर पर क्राइम तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी संवेदनशील खबरों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के समसामयिक मुद्दों पर सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >