Sitamarhi News: यात्रियों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सोमवार को जीआरपी ने सघन जांच अभियान चलाया. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर जीआरपी थानाध्यक्ष ज्वाला प्रसाद के नेतृत्व में स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया.
अभियान के दौरान यात्रियों के बैग, अटैची और अन्य सामान की गहन जांच की गई. साथ ही स्टेशन परिसर में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों की भी तलाशी ली गई.
प्लेटफॉर्म से पार्किंग तक हुई जांच
जीआरपी की टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 3, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर और पार्किंग क्षेत्र का निरीक्षण किया. संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए यात्रियों से भी पूछताछ की गई.
डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर का लिया गया सहारा
सुरक्षा जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर की मदद से प्लेटफॉर्म और ट्रेनों के कोचों की भी जांच की गई. पुलिस ने संदिग्ध सामान और लावारिस वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखी.
क्या बोले जीआरपी थानाध्यक्ष
जीआरपी थानाध्यक्ष ज्वाला प्रसाद ने बताया कि वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया है.
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य तस्करी, अवैध शराब, विस्फोटक सामग्री और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की आवाजाही पर रोक लगाना है.
कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला
जांच के दौरान किसी भी यात्री या वाहन से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई. पुलिस ने यात्रियों से अपील की कि यदि स्टेशन या ट्रेन में कोई लावारिस वस्तु दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत जीआरपी या रेलवे अधिकारियों को दें.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
जीआरपी ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के औचक जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे. ट्रेनों में चोरी, जहरखुरानी और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए स्टेशन और ट्रेनों में गश्त भी लगातार जारी रहेगी.
