Parihar Ganja Seizure: जिले की परिहार थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए 13.500 किलोग्राम प्रतिबंधित गांजा बरामद किया है. हालांकि पुलिस को देखकर गांजा तस्कर चकमा देकर मौके से भागने में सफल रहा.
पुलिस को देख बाइक सवारों ने बढ़ाई रफ्तार
मामले की जानकारी देते हुए परिहार थानाध्यक्ष पंकज कुमार यादव ने बताया कि वे पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने जा रहे थे. इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति सहजौली की तरफ से परिहार की ओर आते दिखाई दिए. धामीटोल के समीप जैसे ही उनकी नजर पुलिस टीम पर पड़ी. वे घबराकर बाइक की रफ्तार तेज कर भागने लगे.
भागने के दौरान सड़क पर गिरा काला थैला
पुलिस को दोनों बाइक सवारों पर शक हुआ और उनका पीछा किया गया. भागने की आपाधापी में बाइक पर रखा एक बड़े आकार का काला थैला सड़क पर ही गिर गया. तस्कर थैला छोड़कर बाइक से तेजी से भाग निकले.
जब्त गांजे के साथ प्राथमिकी दर्ज, तस्करों की तलाश जारी
पुलिस ने जब सड़क पर गिरे काले थैले की तलाशी ली. तो उसमें से कुल 13.500 किलोग्राम प्रतिबंधित गांजा बरामद हुआ. परिहार थाना पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त करते हुए अज्ञात तस्करों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार तस्करों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान जारी है.
ये भी पढ़ें: नगर निगम की बड़ी पहल, सभी 46 वार्डों में लगेंगी 2500 एलइडी लाइटें
