Sitamarhi Nal Jal Yojana: सुरसंड के टीपीसी भवन में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति (बीस सूत्री) की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष रमेश पटेल ने की. बैठक में पेयजल, बिजली आपूर्ति और लंबित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
नल-जल योजना को सुचारु करने के निर्देश
बैठक में स्थानीय विधायक प्रो. नागेंद्र राउत ने प्रखंड क्षेत्र में पेयजल समस्या का उल्लेख करते हुए नल-जल योजना को पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने जलापूर्ति के समय निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि लोगों को नियमित रूप से पानी मिल सके.
पिछली बैठक के प्रस्तावों की हुई समीक्षा
बीस सूत्री अध्यक्ष रमेश पटेल ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और प्रस्तावों की समीक्षा की.
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर 11,464 करोड़ रुपये की लागत से 2,476 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया.
विकास योजनाओं पर हुई चर्चा
बैठक में बिहार में उद्योग स्थापना के लिए प्रस्तावित निवेश, 'सबका सम्मान-जीवन आसान' कार्यक्रम के तहत सहयोग शिविरों के आयोजन तथा 211 डिग्री कॉलेजों की स्थापना जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई.
सदस्यों से वर्ष 2036 तक समृद्ध बिहार के लक्ष्य को लेकर ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान किया गया.
लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
प्रखंड प्रमुख चंदन कुमार ने अंचल कार्यालय में लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.
बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का भी निर्देश दिया गया.
ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में उपाध्यक्ष सच्चिदानंद राय उर्फ मोहन जी, बीडीओ सह सचिव धर्मवीर कुमार प्रभाकर, सीओ सतीश कुमार, आरओ ब्रजेश मिश्रा, सुरसंड थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता, भिट्ठा थानाध्यक्ष दीपक पटेल, सीएचसी प्रभारी डॉ. लालू कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे.
