Sitamarhi News: डीएम तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी. बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, स्वास्थ्य संस्थानों के प्रदर्शन और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी. इस दौरान स्वास्थ्य संस्थानों के बुनियादी ढांचे, साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाओं को बेहतर करने पर विशेष जोर दिया गया.
दीपावली से पहले स्वास्थ्य संस्थानों में बुनियादी सुधार का निर्देश
डीएम ने निर्देश दिया कि दीपावली से पूर्व सभी स्वास्थ्य संस्थानों में छोटे-छोटे बुनियादी ढांचागत सुधार, रंग-रोगन, लघु मरम्मत, साफ-सफाई एवं आवश्यक सुविधाओं से जुड़े कार्य पूरे किये जायें. इन सभी कार्यों को दो अक्टूबर तक पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया.
कायाकल्प अभियान की तैयारियों की भी हुई समीक्षा
बैठक में कायाकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गयी. बताया गया कि 17 सितंबर से अभियान की शुरुआत होगी. इसके तहत प्रत्येक पंचायत से 10 योजनाओं का चयन किया जाना है. डीएम ने चयनित योजनाओं में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित योजनाओं को भी शामिल करने का निर्देश दिया.
बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन स्वास्थ्य संस्थान होंगे पुरस्कृत
डीएम ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्य संस्थानों को प्रोत्साहित करने की बात कही. स्वास्थ्य केंद्रों के विभिन्न स्तरों पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन संस्थानों को जिला स्तर पर पुरस्कृत किया जायेगा. संबंधित संस्थानों को अपने स्तर से किये गये सुधार और उपलब्धियों को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत करना होगा.
एनीमिया स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सुधार का निर्देश
डीएम ने एनीमिया स्क्रीनिंग में सुधार कर 12 सितंबर तक बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके अलावा प्रसवपूर्व जांच, संस्थागत प्रसव, लिंगानुपात, मिशन परिवार विकास और नियमित टीकाकरण की प्रगति में भी सुधार लाने को कहा गया. बैठक में डीडीसी श्वेता भारती, सिविल सर्जन डॉ आरके यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: 80s लुक वाली AI तस्वीरों ने मचाया तहलका, Facebook-WhatsApp पर छाया Vintage Photo का ट्रेंड
