शर्मनाक… बुलेट नहीं मिली तो ले ली जान, फिर ससुराल वालों ने शव छूने से किया इनकार, बाइक पर बहन की लाश ले जाने को मजबूर हुआ भाई

सीतामढ़ी से रिश्तों को तार-तार करने वाली घटना सामने आई है. दहेज में बुलेट न मिलने पर बहन की हत्या का आरोप है, और ससुराल वालों ने शव को अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया. ऐसे में, एक भाई को अपनी बहन के शव को बाइक पर ले जाना पड़ा.

Sitamarhi Bike Corpse:  रिश्तों की संवेदनहीनता और अमानवीयता की एक ऐसी रूह कंपा देने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरे समाज को कटघरे में खड़ा कर दिया है. सुप्पी थाना क्षेत्र के घरवारा गांव में एक बेबस भाई को अपनी लाडली बहन के शव को मोटरसाइकिल पर लादकर ले जाना पड़ा. मृतका के भाई गोपाल झा का आरोप है कि महज 7 महीने पहले ब्याही गई उसकी बहन मधु कुमारी की संदिग्ध मौत के बाद निष्ठुर ससुराल वालों ने उसका अंतिम संस्कार करने तक से साफ इनकार कर दिया. मौत के बाद भी उस अभागन बेटी को ससुराल में दो गज जमीन और अपनों का कंधा तक नसीब नहीं हुआ. काफी मिन्नतें करने के बाद भी जब कोई आगे नहीं आया, तो कलेजे पर पत्थर रखकर भाई खुद बाइक से अपनी बहन का शव मायके ले गया.

फंदे से लटका मिला था शव, बुलेट की चाहत ने उजाड़ा सिंदूर

यह दर्दनाक दास्तां महज सात महीने पहले शुरू हुई थी. गाढ़ा थाना क्षेत्र के मानिक चौक निवासी मधु कुमारी की शादी 5 दिसंबर 2025 को अवधेश कुमार झा के पुत्र चंदन कुमार झा के साथ बड़े अरमानों से हुई थी. लेकिन शादी के बाद से ही दहेज में 'बुलेट मोटरसाइकिल' की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा. रविवार की सुबह मधु का शव उसके ससुराल के कमरे में फंदे से लटकता हुआ बरामद हुआ. मायके वालों का सीधा आरोप है कि बुलेट नहीं मिलने के कारण उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या की गई और उसे आत्महत्या का रूप दे दिया गया. इस अमानवीय घटना के बाद सदर अस्पताल में आक्रोशित परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मृतका के ससुर की पिटाई भी कर दी.

वीडियो वायरल, रिश्तों की संवेदनहीनता पर उठे सवाल

इस मर्मस्पर्शी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लाचार भाई अपनी मृत बहन के शव को बाइक के बीच में रखकर ले जाता दिख रहा है. वह रोते-बिलखते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगा रहा है. रिश्तों की इस कड़वाहट और संवेदनहीनता को देखकर हर कोई स्तब्ध है. सूचना मिलते ही सुप्पी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है. थानाध्यक्ष आशीष कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कड़ी विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. इस घटना ने समाज में गिरते मानवीय मूल्यों पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें: पुपरी में एनएच-527सी ओवरब्रिज बना रीलबाजों का अड्डा, हादसे को दावत दे रहे युवा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राकेश पिछले 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. राकेश क्राइम रिपोर्टिंग के अलावा सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने के लिए जाने जाते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति और दिलचस्प किस्से-कहानियों में उनकी विशेष रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >