Sitamarhi News: सीतामढ़ी. सुरसंड प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टीपीसी भवन में सोमवार को पंचायत समिति की बैठक प्रमुख चंदन कुमार की अध्यक्षता में हुई. बैठक में कृषि, आईसीडीएस और अंचल कार्यालय से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी, आंगनबाड़ी केंद्रों, नल-जल योजना, वृद्धावस्था पेंशन और सोलर लाइट समेत कई मुद्दे उठाये गये. जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की.
Sursand News: 266 की यूरिया 350 रुपये में बेचने का आरोप
बघाड़ी पंचायत के मुखिया पद्मराज भारद्वाज पिंटू ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा निर्धारित 266 रुपये की यूरिया खाद खुले बाजार में 330 से 350 रुपये तक में बेची जा रही है. उन्होंने सरकार द्वारा अनुदानित बीज के वितरण में भी मनमानी का आरोप लगाया.
पैक्स में यूरिया खाद की उपलब्धता का मुद्दा उठने पर बीसीओ ने बताया कि प्रखंड के किसी भी पैक्स में फिलहाल खाद उपलब्ध नहीं है.
186 आंगनबाड़ी केंद्रों के किराये के भवन में संचालन का मुद्दा
पंसस मनोज मिश्रा ने प्रखंड के 186 आंगनबाड़ी केंद्रों के किराये के मकान में संचालित होने का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि पूर्व की बैठक में इन केंद्रों को सरकारी भवन या विद्यालयों में स्थानांतरित करने पर चर्चा हुई थी, लेकिन अब तक इसका अनुपालन नहीं किया गया.
बैठक में बच्चों को मिलने वाले पोषाहार में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया.
अंचल कार्यालय में बिचौलियों के हावी होने का आरोप
जनप्रतिनिधियों ने अंचल कार्यालय में दाखिल-खारिज और परिमार्जन से जुड़े कार्यों में बिचौलियों के हावी होने का मुद्दा उठाया. उन्होंने इस व्यवस्था में सुधार और लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत दिलाने की मांग की.
सोलर लाइट और नल-जल योजना पर भी सवाल
श्रीखंडी भिट्ठा पूर्वी की मुखिया रेणुका साह ने पंचायत में लगायी गयी सोलर लाइट के बंद रहने की शिकायत की. उन्होंने कहा कि आंधी में क्षतिग्रस्त सोलर लाइटों की अब तक मरम्मत नहीं हुई है. विभाग द्वारा बदलने के लिए ले जायी गयी बैटरी भी पंचायत को वापस नहीं मिली है.
उन्होंने भिट्ठामोड़ में शौचालय निर्माण के लिए सरकारी जमीन उपलब्ध कराने की मांग सीओ से की. वहीं सभी पंचायतों के मुखिया और जनप्रतिनिधियों ने पीएचईडी की ओर से नल-जल योजना चालू नहीं होने की शिकायत की.
वृद्धजनों की पेंशन बंद होने का मुद्दा उठा
बैठक में 80 से 90 वर्ष की उम्र के कई वृद्धजनों की पेंशन बंद होने की शिकायत बीडीओ से की गयी. जनप्रतिनिधियों ने पात्र लाभुकों की पेंशन जल्द शुरू कराने की मांग की.
इसके अलावा बघाड़ी हनुमान चौक से चोरौत प्रखंड के भुतहा गांव जाने वाली सड़क के करीब डेढ़ साल में ही क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा भी उठाया गया.
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उपप्रमुख नीलम देवी, डाढ़ाबारी मुखिया ध्रुवनारायण चौधरी, विररख मुखिया विनोद शाही, अमाना मुखिया मधुरेंद्र कुमार उर्फ संजय झा, कोरियाही मुखिया राजेश पासवान, दिवारी मतौना मुखिया गुलशन खातुन, श्रीखंडी भिट्ठा पश्चिमी मुखिया आशा यादव, पंसस उर्मिला देवी, किशन कुमार मंडल और विमलेश नारायण झा मौजूद रहे.
इसके अलावा बीडीओ धर्मवीर कुमार प्रभाकर, सीओ सतीश कुमार, आरओ ब्रजेश मिश्रा, एमओ अमन कुमार, सीएचसी प्रभारी डॉ. लालू कुमार, सीडीपीओ रंभा कुमारी, बीसीओ अरविंद कुमार चौहान, बीएओ सुनील कुमार और पीएचईडी के जेई पवन कुमार समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: घर के बाहर बैठी महिला को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
