सीतामढ़ी में बैद्यनाथ महतो हत्याकांड पर प्रशासन सख्त, लापरवाही मिलने पर थानाध्यक्ष हटाने का निर्देश

सीतामढ़ी में बैद्यनाथ महतो की हत्या के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है. कमिश्नर और डीआईजी ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवार से विस्तृत जानकारी ली. जांच में थानाध्यक्ष और आईओ की लापरवाही सामने आई है.

Sitamarhi News: सीतामढ़ी. डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया गांव में जिला परिषद सदस्य खुश्दिल देवी के पति बैद्यनाथ महतो कुशवाहा की हत्या के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच तेज कर दी गयी है. सोमवार को तिरहुत प्रमंडल के कमिश्नर गिरिवर दयाल सिंह और तिरहुत रेंज के प्रभारी डीआईजी सत्यनारायण कुमार समाहरणालय पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने डीएम, एसपी समेत जिले के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर हत्याकांड से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली. इसके बाद दोनों अधिकारी प्रशासनिक टीम के साथ केथरिया गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली.

कमिश्नर और डीआईजी ने पीड़ित परिवार से की पूछताछ

केथरिया गांव पहुंचने के बाद कमिश्नर गिरिवर दयाल सिंह और डीआईजी सत्यनारायण कुमार ने मृतक की बेटी संगीता कुमारी, चांदनी कुमार और नतिनी स्नेहा से अलग कमरे में करीब 29 मिनट तक बातचीत की. अधिकारियों ने घटना से जुड़े घटनाक्रम और परिवार के स्तर पर उपलब्ध जानकारी के बारे में विस्तार से पूछताछ की. प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की बात कही गयी.

डुमरा थानाध्यक्ष और आईओ पर लापरवाही उजागर

पत्रकारों से बातचीत में कमिश्नर गिरिवर दयाल सिंह ने कहा कि हत्याकांड की गहनता से जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में डुमरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और आईओ आदित्य कुमार की घोर लापरवाही सामने आयी है. दोनों पर लगे अन्य आरोपों की भी जांच की जाएगी. यदि जांच में उनकी संलिप्तता सामने आती है, तो उन्हें प्राथमिकी में अभियुक्त बनाया जाएगा.

परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने की कार्रवाई

कमिश्नर ने कहा कि प्रशासन का प्रयास पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है. उन्होंने डीएम को परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने परिवार की अन्य जरूरतों और मामले से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी जानकारी ली.

शराब तस्करी से जुड़े लोगों पर होगी कार्रवाई

कमिश्नर ने एसपी अमित रंजन को शराब के ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने बॉर्डर इलाकों में शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच करने को कहा. प्रशासन की ओर से तस्करों को चिह्नित कर उनकी संपत्ति जब्त करने से संबंधित कार्रवाई के निर्देश भी दिये गये हैं.

लापरवाह थानाध्यक्ष हटाये जायेंगे, डीएम-एसपी रखेंगे नजर

कमिश्नर ने कहा कि बॉर्डर क्षेत्र के सभी थानों और पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच की जाएगी. कर्तव्य का सही तरीके से पालन नहीं करने वाले थानाध्यक्षों को हटाने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है. संबंधित थानाध्यक्षों की कार्यप्रणाली पर डीएम और एसपी की पैनी नजर रहेगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुलिसिंग में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा.


ये भी पढ़ें: बेतिया शहर में अतिक्रमण-पार्किंग पर नगर निगम सख्त, नियमित अभियान जारी रखने का फैसला

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमिताभ कुमार

अमिताभ पिछले 17 वर्षों से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक दोनों माध्यमों में सक्रिय रहे हैं. एक खोजी पत्रकार के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. भ्रष्टाचार, अपराध एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे हमेशा सामाजिक सरोकारों और आम लोगों की समस्याओं को निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >