Sitamarhi News: सीतामढ़ी. शहर में जाम की समस्या कम करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शुरू किए गए रिंग बांध सड़क के जीर्णोद्धार कार्य की रफ्तार अब सवालों के घेरे में है. गौशाला-अंबेडकर चौक से पासवान चौक तक सड़क का कालीकरण पूरा हो चुका है और वाहनों का परिचालन शुरू है, लेकिन इसके आगे कई हिस्सों में निर्माण कार्य अब भी अधूरा है.
पासवान चौक से आगे धीमा पड़ा सड़क निर्माण
पासवान चौक से लक्ष्मणानगर होते हुए लखनदेई पुल, पुराने पोस्टमार्टम हाउस और रीगा रोड से कपरौल गुमटी तक रिंग बांध सड़क का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है. काम की धीमी रफ्तार के कारण शहरवासियों को इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के पूरा होने का इंतजार है.
पोल और पेड़ बने निर्माण में बड़ी बाधा
पासवान चौक से लक्ष्मणानगर के बीच सड़क के बीचोंबीच बिजली के पोल और पेड़-पौधे निर्माण कार्य में बड़ी बाधा बने हुए हैं. लंबे समय से इन्हें हटाने की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण सड़क निर्माण प्रभावित हो रहा है.
रिंग बांध सड़क निर्माण शुरू होने के समय बुडको के कार्यपालक अभियंता ई. अशोक सिन्हा ने मॉनसून तक तीनों रिंग बांध का निर्माण पूरा करने का दावा किया था. बिजली पोल हटाने को लेकर संबंधित विभाग को पत्र भेजे जाने की बात भी कही गई थी.
अतिक्रमण हटने के बाद भी नहीं आई अपेक्षित तेजी
रिंग बांध सड़क के आसपास से अतिक्रमण हटाए जाने के बाद शहरवासियों को उम्मीद थी कि निर्माण कार्य में तेजी आएगी. हालांकि बिजली पोल और पेड़ों की समस्या के कारण अब भी कई हिस्सों में काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के अभाव का असर सड़क निर्माण पर दिखाई दे रहा है.
रिंग बांध पूरा होने से कम होगा जाम का दबाव
शहरवासी मनोरंजन कुमार, अभय कुमार, मनीष सिंह, अरविंद कुमार और गोविंद साह सहित अन्य लोगों का कहना है कि तीनों रिंग बांध सड़कों का निर्माण पूरा होने से मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा. इससे शहर में जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है.
लंबित कार्य जल्द पूरा कराने की मांग
शहरवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से बिजली पोल व अन्य बाधाओं को जल्द हटाकर रिंग बांध सड़क का लंबित निर्माण पूरा कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि परियोजना पूरी होने से शहर की यातायात व्यवस्था को काफी राहत मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में प्रसाद खाने से एक ही परिवार के चार लोग बीमार, 6 वर्षीय बच्ची की हुई मौत
