Bridge news: सीतामढ़ी जिला अंतर्गत परिहार विधानसभा क्षेत्र के भिस्वा-भेड़रहिया में वर्षों पुराने लोहे के पुल की जगह नया पुल बनने का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है. मुख्यमंत्री सेतु योजना के तहत बनने वाले इस नए पुल का विधिवत उद्घाटन तत्कालीन कला संस्कृति मंत्री मोतीलाल प्रसाद और स्थानीय विधायक गायत्री देवी ने 12 जुलाई 2025 को किया था. आज इस बात को पूरा एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन धरातल पर निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हो सका है.
दर्जनों गांवों और बड़े मवेशी बाजार को जोड़ता है यह मार्ग
यह पुल क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. यह बिहार के सबसे अधिक राजस्व देने वाले प्रसिद्ध भिस्वा मवेशी बाजार सहित आसपास के दर्जनों गांवों को मुख्य संपर्क मार्ग से जोड़ता है. पुल का निर्माण कार्य शुरू न होने से स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों में काफी निराशा है. लोगों को पुराने और जर्जर हो चुके लोहे के पुल से ही आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे हर समय हादसे का डर बना रहता है.
टेंडर और राशि स्वीकृत, बरसात के बाद शुरू होगा काम: विधायक
इस संबंध में स्थानीय विधायक गायत्री देवी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पुल निर्माण की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. योजना का टेंडर फाइनल हो चुका है और इसके लिए आवश्यक राशि भी स्वीकृत की जा चुकी है. उन्होंने बताया कि वर्तमान में बरसात का मौसम होने के कारण जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिसकी वजह से कार्य शुरू करने में तकनीकी दिक्कत आ रही है. विधायक ने आश्वासन दिया है कि बरसात का मौसम समाप्त होते ही पुल का निर्माण कार्य तेजी से प्रारंभ करा दिया जाएगा.
