Beautician and tailoring training: सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा प्रखंड क्षेत्र में स्थित इंदरवा बीओपी में शुक्रवार को एक खास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. 51वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से सीमावर्ती क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक बड़ी पहल की गई है. एसएसबी द्वारा महिलाओं को कौशल विकास से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार की राह पर आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है.
Sitamarhi News: 21 दिवसीय ब्यूटीशियन प्रशिक्षण का समापन गृह मंत्रालय, भारत सरकार के नागरिक कल्याण कार्यक्रम वर्ष 2026-27 के तहत आयोजित 21 दिवसीय ब्यूटीशियन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया. इस कार्यक्रम का आयोजन 51वीं वाहिनी के कमांडेंट संजीव कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में किया गया. कार्यक्रम में स्थानीय विधायक गायत्री देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और उद्घाटन किया. विधायक ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली कुल 40 युवतियों और महिलाओं के बीच प्रशिक्षण किट एवं प्रमाण-पत्र का वितरण किया.
50 महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण का शुभारंभ ब्यूटीशियन कोर्स के समापन के साथ ही शुक्रवार से सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी आगाज किया गया. समवाय सोनबरसा, कन्हौली, कन्हवा और भिट्ठामोड़ के कार्यक्षेत्र में आने वाली 50 सीमावर्ती युवतियों एवं महिलाओं के लिए यह सिलाई प्रशिक्षण शुरू किया गया है. बताया गया है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 अक्टूबर 2026 तक कुल चार चरणों में आयोजित किया जाएगा, ताकि महिलाएं सिलाई सीखकर अपना खुद का रोजगार शुरू कर सकें.
नागरिकों और एसएसबी के बीच मजबूत होंगे रिश्ते इस अवसर पर 51वीं वाहिनी के कमांडेंट संजीव कुमार सिंह ने कहा कि नागरिक कल्याण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सशस्त्र सीमा बल और सीमावर्ती नागरिकों के बीच विश्वास, सहयोग और आत्मीय संबंधों को और अधिक मजबूत करना है. ऐसे कार्यक्रमों से सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास और वहां की महिलाओं का सशक्तिकरण संभव है. मौके पर उप कमांडेंट जय प्रकाश कुमार, सहायक कमांडेंट सुमित कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें... सीतामढ़ी: नीतीश कुमार से मिले छात्र नेता, माता सीता की धरती पर विश्वविद्यालय बनाने की मांग
