Dumra BikeTheft Arrest: जिले के डुमरा थाना क्षेत्र के परोहा वार्ड नंबर-14 में घर के दरवाजे पर खड़ी एक मोटरसाइकिल चोरी करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. इस घटना में स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से एक संदिग्ध युवक को रंगेहाथ पकड़कर डायल-112 पुलिस टीम के हवाले कर दिया गया. डुमरा थाना पुलिस ने पीड़ित गृहस्वामी के लिखित आवेदन के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और गिरफ्तार आरोपित से गहन पूछताछ शुरू कर दी है.
तड़के तीन बजे दरवाजे से बाइक लेकर भागा चोर
बाइक मालिक रमेश कुमार ने डुमरा थाने में दिए गए आवेदन में बताया है कि उन्होंने अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (बीआर-30 एक्स 4615) को हमेशा की तरह घर के मुख्य दरवाजे पर खड़ी की थी. शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे अचानक 'चोर-चोर' की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई. जब वे आनन-फानन में घर से बाहर निकले, तो उन्होंने देखा कि उनके ही पड़ोस के रामपुर खजुरिया गांव का रहने वाला चंदन कुमार उनकी मोटरसाइकिल को चोरी कर लेकर भाग रहा है.
ग्रामीणों ने खदेड़ा, आरोपी के घर दबिश देकर पकड़ा
पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण तुरंत इकट्ठा हो गए और आरोपित चंदन कुमार का पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक समेत भागने में सफल रहा. इसके बाद पीड़ित और गांव के लोग एकजुट होकर सीधे आरोपित के घर रामपुर खजुरिया पहुंचे और वहां घेराबंदी कर उसे धर दबोचा. ग्रामीणों के कड़े तेवर देख आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसने चोरी की बाइक किसी अन्य सहयोगी को सौंप दी है, जो उसे लेकर कहीं दूर भाग गया है.
पुलिस को सौंपा गया आरोपी, बाइक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की गिरफ्त से आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया. पुलिस अब मुख्य आरोपी चंदन से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि बाइक लेकर फरार हुए उसके सहयोगी का पता लगाया जा सके और चोरी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को सकुशल बरामद किया जा सके.
ये भी पढ़ें; सीतामढ़ी के 20 श्रद्धालुओं को मिलेगी सोमनाथ धाम की निःशुल्क यात्रा, सरकार उठाएगी पूरा खर्च
