छह घंटे के हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद बाजपट्टी सीओ गिरफ्तार, रिश्वत लेने का आरोप

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बाजपट्टी के अंचलाधिकारी प्रभात कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है. शिकायत के बाद शुरू हुई जांच में वॉयस टेस्ट से बचने पर अदालत ने वारंट जारी किया था.

Bajpatti News: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को बाजपट्टी के अंचलाधिकारी प्रभात कुमार को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. उन पर पिपराढ़ी गांव निवासी नरेश राम से जमीन से अतिक्रमण हटाने के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है.

शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की जांच की. जांच के दौरान रिश्वत मांगने की कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग में आवाज की पुष्टि के लिए सीओ को तीन बार वॉयस टेस्ट के लिए समन भेजा गया, लेकिन उन्होंने उपस्थित नहीं हुए. इसके बाद अदालत से उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ.

यह भी पढ़ें: पीपराढ़ी पावर सब स्टेशन में मेंटेनेंस, दो दिन कई फीडरों की बिजली रहेगी बाधित

घर में बंद होकर बैठे रहे सीओ

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे डीएसपी नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में निगरानी टीम गिरफ्तारी के लिए पहुंची, तो सीओ ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया. इसके बाद करीब छह घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा.

कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में हुई गिरफ्तारी

बाद में पुपरी एसडीओ गौरव कुमार के निर्देश पर कृषि पदाधिकारी आशुतोष कुमार को कार्यपालक दंडाधिकारी बनाकर मौके पर भेजा गया. उनकी मौजूदगी में पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर सीओ को गिरफ्तार किया. स्वास्थ्य जांच के बाद निगरानी टीम उन्हें पटना लेकर रवाना हो गई.

निगरानी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

कार्रवाई में डीएसपी नरेंद्र कुमार के अलावा इंस्पेक्टर सलाउद्दीन खान और सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार भी शामिल थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सत्य प्रकाश पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं. वे जमीनी स्तर और प्रखंड से जुड़ी विभिन्न प्रकार की विकासात्मक व जनहित की खबरों को प्रमुखता से कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >