सीतामढ़ी : मेहसौल पूर्वी पंचायत की मुखिया रौनक जहां परवेज के पति मो आरिफ हुसैन को दबोचने के लिए रेल पुलिस सोमवार को पूरा दिन पसीना बहाती रही, लेकिन वह गिरफ्त में नहीं आ सका.
दरअसल स्थानीय रेल थानाध्यक्ष शशि कपूर को गुप्त सूचना मिली थी कि रेल पुलिस के जवान कन्हैया लाल को अगवा कर बेरहमी से पिटाई करने तथा रेल थाना में घुस कर तोड़फोड़ व हथियार लूटने की कोशिश के मामले में आरोपित मो आरिफ हुसैन डुमरा प्रखंड कार्यालय में पंचायत चुनाव के नामांकन करने आने वाला है.
पुिलस ने बिछाया जाल
सूचना पर रेलवे पुलिस डुमरा थाने की पुलिस के साथ दिन भर ब्लॉक के आसपास जाल बिछाये रखा. इस दौरान मेहसौल पूर्वी के मो साहेब जान को शक के आधार पर दबोच लिया. डुमरा थाना पर पूछताछ करने के बाद पीआर बांड पर उसे छोड़ दिया गया. वह उक्त पंचायत से सरपंच पद का परचा दाखिल करने आया था.
नामांकन पर हो रही चर्चा
गिरफ्त से छुटने के बाद जब वह नामांकन करने पहुंचा तो बताया गया कि जिस सरपंच के लिए वह नामांकन करना चाहता है, वह महिला के लिए आरक्षित है. साहेबजान द्वारा महिला के आरक्षित पद पर नामांकन दाखिल करने का प्रयास करना चर्चा का विषय बन गया है.
