टाइगर मोबाइल पर फायरिंग
सीतामढ़ी : चार दिन से मॉर्निंग वाॅक पर निकलने वाली महिलाओं पर कहर बरपा रहे झपट्टा मार गिरोह ने टाइगर मोबाइल पर गोली चला कर अपने दु:स्साहस का परिचय दिया है.
फायरिंग की घटना के बाद से पुलिस विभाग भी सकते में है. सभी बिंदुओं की जांच-पड़ताल के बाद अब यह माना जाने लगा है कि दूसरे जिला के झपट्टा मार गिरोह में सीतामढ़ी में अपना डेरा डाल दिया है. जो सुबह 5 से 6 बजे मॉर्निंग वाक पर सोने की चेन पहन कर निकलने वाली महिलाओं को अपना निशाना बनाता है.
बाल-बाल बचे टाइगर मोबाइल के जवान : तीन दिन से चेन स्नैचिंग की घटना को लेकर सुबह में पुलिस गश्ती के साथ-साथ वाहन चेकिंग अभियान भी शुरू कर दिया गया है. इस क्रम में रविवार की सुबह जिला मुख्यालय स्थित शंकर चौक पर टाइगर मोबाइल के जवान उत्तम कुमार व नीतीश कुमार ने देखा कि सीतामढ़ी की दिशा से बिना नंबर प्लेट के काला रंग के पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर दो युवक आ रहे है. पीछे बैठे युवक के कंधे से एक एयर बैग पर लटका हुआ था.
दोनों जवानों को शक हुआ और उन्होंने बाइक रोकने का इशारा किया. बाइक न रोक कर दोनों युवक भागने लगे. टाइगर मोबाइल के जवान दोनों युवक का पीछा करने लगे. परोरी पुल के समीप पहुंचने पर दोनों युवकों में पीछे बैठे युवक ने टाइगर मोबाइल पर गोली चला दी. जो टाइगर मोबाइल के शरीर को छूते हुए निकल गयी. बदमाशों के आक्रामक रुख को देख कर टाइगर मोबाइल ने अपनी बाइक रोक कर थानाध्यक्ष छोटन कुमार यह जानकारी देकर पुन: पीछा करना शुरू कर दिया, लेकिन स्टंट मैन की तरह बाइक चला रहे बदमाश कुछ पल में ही ओझल हो गये.
इस बीच सूचना मिलने पर बदमाशों की टोह में गश्ती कर रहे डुमरा थानाध्यक्ष छोटन कुमार व सब इंस्पेक्टर राजेंद्र साह भी घटनास्थल पर पहुंचे. आनन-फानन में आसपास के थाना को यह सूचना देकर बदमाशों का हुलिया बताया गया. शुक्र यह था कि तीन दिन से लगातार हो रही घटनाओं को लेकर सुबह से पुलिस की सक्रियता के कारण आज चेन स्नैचिंग की घटना का शिकार होने से चौथी महिला बच गयी.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष : थानाध्यक्ष छोटन कुमार कहते है कि पहली घटना के बाद से सुबह में भी पुलिस गश्ती तेज कर दी गयी है. पूर्व में छिनतई की घटना करने वाले चार संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी है. दो युवकों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है. प्रथम दृष्टया यह सामने आ रहा है कि दूसरे जिला के झपट्टा मार गिरोह के सदस्य इलाके में सक्रिय है. उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है.
