सीतामढ़ी : डुमरा प्रखंड के भीसा हॉल्ट के समीप चल रहे तीन दिवसीय धर्मसभा व कीर्तन महायज्ञ के अंतिम दिन रविवार को प्रभातफेरी निकाली गयी. बाद में योग शिविर में महिला व पुरुषों की अलग-अलग टोली को योग का प्रशिक्षण दिया गया. अवधूतिका आनंद मुक्तिधारा एवं आचार्य रथिंद्रानंद अवधूत ने प्रशिक्षण दिया. 48 घंटे के अखंड कीर्तन का समापन हरि परिमंडल गोष्ठी के कलाकारों के कीर्तन से हुआ.
धर्मचर्चा में आचार्य वीतमोहानंदा अवधूत ने नव्य मानवतावाद पर विचार व्यक्त किया. कहा कि मनुष्य के अंदर का मानवतावाद विस्तारित होकर अन्य जीवों में प्रस्फुटित हो यही मानवतावाद है. मौके पर आचार्य परिपूर्णानंद अवधूत, आचार्य तन्मयानंद अवधूत, आचार्य प्रिय कृष्णानंद अवधूत, आचार्य विशुद्धात्मानंद अवधूत, आचार्य त्रिगुणातीतानंद अवधूत, आचार्य सेवाव्रतानंद अवधूत व आचार्य अनिर्वाण ब्रह्मचारी समेत अन्य मौजूद थे. शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम में शांति निकेतन पश्चिम बंगाल के महिला कलाकारों द्वारा ‘सदा शिव तुम्हें प्रणाम’ पर भाव नृत्य प्रस्तुत कर सबों को मंत्र मुग्ध कर दिया. कत्थक नृत्यांगना कंकना भट्टाचार्या का भाव नृत्य देख कला प्रेमी भाव विभोर हो गये.
