तेज हवा ने गांव में मचाया तांडव
बेला/रीगा : थाना क्षेत्र के कन्हवा बड़ी मसजिद के पास शुक्रवार की शाम तेज पछिया हवा से लगी आग में फूस का 10 घर राख हो गया. अगलगी में अलीमाम, मो नौशाद, मो जिमदार, मो आलमगीर, हाफिज मुर्तुजा, मो नन्हे, गुलाम दस्तगीर, मुसमात सैला खातून, मुसमात भुसी खातून के घर में रखा अनाज, बरतन, कपड़ा, आभूषण, नगदी रुपये, चौकी समेत कई सामान बरबाद हो गया. हाफिज एवं मुसमात भुसी खातून की एक एक बकरी जल कर मर गयी.
ग्रामीणों ने बीडीओ परिहार को मोबाइल पर सूचना दी. सूचना पर जिला मुख्यालय से अग्निशामक दस्ता मौके पर पहुंचा लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था.
थानाध्यक्ष राजेश चौधरी पुलिस बल के साथ पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया. बताया जाता है कि अलीमाम के भूसा घर से निकली चिनगारी तेज हवा के साथ अन्य घरों को अपनी चपेट में ले लिया. पूर्व मुखिया मो जिलानी, मो जुम्मन, अब्दुल कयुम, अब्दुल खालिक समेत अन्य ने प्रशासन से प्रभावित परिवार के बीच खाद्यान्न, इंदिरा आवास व अन्य सुविधाओं की मांग की है. उधर रीगा प्रखंड के खरसान गांव में आग से शत्रुध्न महतो एवं बिगु मंडल के घर में रखा अनाज, कपड़ा, बरतन के अलावा 30 हजार रुपया राख हो गया. अगलगी की सूचना सीओ को दे दी गयी है.
ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका.आग से गेहूं की फसल खाक: बैरगनिया : प्रखंड के परसौनी पंचायत के भटौलिया गांव में शनिवार को गेहूं की खेत में आग से एक एकड़ में खड़ी फसल खाक हो गयी. सीओ जगदीश पासवान ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को जांच की जिम्मेवारी सौंपी गयी है. जांच रिपोर्ट के बाद मुआवजा की कार्रवाई की जायेगी. बताया जाता है कि अचानक गुड्डु साह की खेत से आग की लपट देख ग्रामीणों में खलबली मच गयी.
