सीतामढ़ी: नसबंदी शिविर में अव्यवस्थाओं से महिलाएं परेशान, मरीजों का फूटा गुस्सा

सीतामढ़ी के पुपरी पीएचसी में परिवार नियोजन शिविर के दौरान अव्यवस्थाओं का आलम रहा. भीषण गर्मी में महिलाओं को खुले शेड के नीचे बैठाया गया, जहां पंखे और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था. 7 महिलाओं का बंध्याकरण ऑपरेशन हुआ, लेकिन मरीजों ने सुविधाओं पर सवाल उठाए.

Pupri PHC: सीतामढ़ी के पुपरी पीएचसी सह अनुमंडल अस्पताल में परिवार नियोजन पखवाड़े के तहत आयोजित नसबंदी शिविर में अव्यवस्थाएं सामने आईं. भीषण गर्मी में महिलाओं को खुले शेड के नीचे बैठाया गया, जहां पंखे, बेड पर चादर और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव रहा. इससे मरीजों और आशा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई.

7 महिलाओं का हुआ बंध्याकरण ऑपरेशन

बुधवार को मनु सिद्धि एजेंसी की ओर से आयोजित शिविर में सात महिलाओं का बंध्याकरण ऑपरेशन किया गया. इलाज के लिए आई महिलाओं और उनके परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में मरीजों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं.

गर्मी और गंदगी से मरीज परेशान

आवापुर की चांदनी खातून, नीतू कुमारी और तब्बसुम प्रवीण के परिजनों ने बताया कि तपती धूप के बीच मरीजों को चदरा शेड के नीचे ठहराया गया, लेकिन वहां पंखे की व्यवस्था नहीं थी. वहीं आशा कार्यकर्ता सुमित्रा देवी, सुनीता देवी, सीता कुमारी और राधा कुमारी ने बताया कि बेड पर चादर तक नहीं बिछाई गई थी. अस्पताल परिसर के आसपास झाड़ियां और गंदा पानी जमा रहने से संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है.

पीएचसी प्रभारी ने क्या कहा

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कफील अख्तर अंसारी ने कहा कि शिविर के संचालन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की थी. यदि एजेंसी व्यवस्था नहीं कर पाती है तो पीएचसी प्रशासन उसकी भरपाई करता है. उन्होंने बताया कि चदरा शेड के नीचे लगे दो पंखों को चालू करा दिया गया है, ताकि मरीजों को गर्मी से राहत मिल सके. सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.

स्थानीय लोगों ने की बेहतर व्यवस्था की मांग

स्थानीय लोगों ने मांग की कि भविष्य में परिवार नियोजन शिविरों में मरीजों के लिए पेयजल, पंखा, साफ-सुथरे बेड, चादर और स्वच्छ परिसर जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि महिलाओं को इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

यह भी पढे़ं: मुजफ्फरपुर के पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड में तीन आरोपितों पर आरोप तय, 28 जुलाई को अगली सुनवाई


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >