सीतामढ़ी : आपूर्ति विभाग ने आपूर्ति निरीक्षक उमेश चंद्र द्विवेदी को निलंबित कर दिया है. उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी. द्विवेदी को बथनाहा प्रखंड में योगदान करना था, लेकिन विभिन्न कारणों से वे योगदान नहीं कर सके थे. यह बात वर्ष 11 की है. इसे गंभीरता से लेते हुए विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया है.
द्विवेदी पर अनुपस्थित रहने, अनुशासनहीनता व विभागीय आदेश की अवहेलना करने का आरोप लगा है. संचालन पदाधिकारी नियुक्त विभागीय कार्रवाई के लिए उप निदेशक आपूर्ति, मुजफ्फरपुर को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. सरकार के सचिव ने उक्त आशय के पत्र में तीन माह के अंदर विभागीय कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया है.
निलंबन अवधि में द्विवेदी का मुख्यालय जिला आपूर्ति कार्यालय, सीतामढ़ी निर्धारित किया गया है. वे यहां योगदान भी कर लिये हैं. आरोपित की दलील आरोपित अधिकारी द्विवेदी ने बताया कि वे नवादा जिला के हिसुआ में पदस्थापित थे. 28 नवंबर 11 को उनका तबादला बथनाहा कर दिया गया. इससे पूर्व से उन्हें वेतन नहीं मिल रहा था.
वे अस्वस्थ भी रह रहे थे. इन्हीं कारणों से वे योगदान न कर विभाग में एक आवेदन दे दिये. आवेदन में बीमार रहने व आर्थिक रूप से कमजोर हो जाने की पूरी जानकारी देने के साथ ही तबादला पर रोक लगाने की मांग की थी. विभाग कहीं का न छोड़ा श्री द्विवेदी की माने तो उनके आवेदन के आलोक में विभाग के अपर सचिव ने पहल करने का आश्वासन दिया था.
वे बीच-बीच में विभाग में जाते थे तो उन्हें हर बार आश्वासन देकर लौटा दिया जाता था. बथनाहा में योगदान न कर आश्वस्त थे कि विभाग के स्तर से उनके आवेदन पर आज न कल सकारात्मक निर्णय लिया जायेगा. बाद में जब योगदान का मन बनाया, तब तक बथनाहा में दूसरे आपूर्ति निरीक्षक को पदस्थापित किया जा चुका था.
इसी बीच, वे सीतामढ़ी डीएम को एक आवेदन भेज कर बीमार होने की बात कह योगदान न करने से अवगत करा दिया ताकि कोई कार्रवाई न हो जाये. बताया कि विभाग में वे दौड़ लगा रहे थे, इसी बीच सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया. सितंबर 17 में रिटायर होने वाले हैं.
