आवापुर चौक की घटना से दहशत में लोग
दहशत फैलाने के उद्देश्य से की दो राउंड फायरिंग
सुनीता जेनरल स्टोर्स का मालिक है पीड़ित अनिल
अपाचे बाइक पर सवार थे तीन अपराधी
सीतामढ़ी/पुपरी : मेहसौल ओपी क्षेत्र के नाहर चौक के समीप महामाया स्टोर्स सह ब्यूटी पार्लर में लूट की घटना के कुछ देर बाद हीं रविवार की रात अपराधियों ने पुपरी में दूसरी घटना को अंजाम दे दिया. अपाचे बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने पुपरी-सीतामढ़ी रोड स्थित आवापुर चौक के समीप दुकान बंद कर घर जा रहे जेनरल स्टोर्स के मालिक से पिस्टल के बल पर 80 हजार नगद, पांच मोबाइल व अन्य सामान लूट लिया. विरोध करने पर दो राउंड हवाई फायरिंग भी की. पीड़ित अनिल कुमार साह पिता राजकिशोर साह आवापुर गांव के रहनेवाले हैं. आवापुर चौक पर सुनीता जेनरल स्टोर्स नामक उनकी दुकान है.
घटना को अंजाम देकर बाइक सवार अपराधी सीतामढ़ी तरफ भाग निकला. सूचना मिलने पर पुपरी थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचकर छानबीन की. पुलिस टीम अपराधियों के भागने की दिशा में छापेमारी करने का दावा कर रही है. हालांकि अपराधियों का कोई सुराग अब तक नहीं मिल सका है. जानकारी के अनुसार, पीड़ित श्री साह रात्रि लगभग 10.30 बजे दुकान बंद कर घर की ओर जा रहे थे. इसी क्रम में अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक वहां आ धमका.
एक युवक कमर से पिस्टल निकालकर व्यवसायी की कनपट्टी पर सटाते हुए कहा कि हल्ला करोगे तो जान से मारे जाओगे. इसके बाद कैश, मोबाइल व अन्य सामान लूटकर भाग निकला. भागते वक्त अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग किया. घटना के संबंध में पीड़ित व्यवसायी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
