डुमरा थाने की पुलिस को मिली गुंजन को गिरफ्तार करने में सफलता
चोरी की विभिन्न घटनाओं में स्वीकार की अपनी संलिप्तता
26 जून को गिरफ्तार हुआ था गिरोह का सरगना सद्दाम
बरामद की गयी थी चोरी की तीन बाइक
सीतामढ़ी : डुमरा थाने की पुलिस ने मंगलवार की रात बेला में छापेमारी कर बाइक चोर गिरोह के मास्ट माइंड गुंजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया. वह बेला थाना क्षेत्र के भेड़ रहिया गांव का रहनेवाला है. फिलहाल पुलिस टीम उसको लेकर अन्य जगहों पर छापेमारी कर रही है. थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि फिलहाल उसकी निशानदेही पर उसके स्थानीय सहयोगियों का ठिकाना तलाशा जा रहा है. गुंजन का नेटवर्क नेपाल के अपराधियों से भी है, जिसकी जांच की जा रही है. 26 जून को ही नगर सर्किल इंस्पेक्टर विजय कुमार यादव के नेतृत्व में बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया गया था.
इस दौरान डुमरा शंकर चौक से गिरोह के सरगना सद्दाम अंसारी उर्फ कोबरा समेत उसके चार सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया था. छापेमारी के क्रम में चोरी की तीन बाइक व सरगना के पॉकेट से बाइक की चाबियों का बड़ा गुच्छा बरामद किया गया था. उसके गिरफ्तार सहयोगियों में डुमरा थाना क्षेत्र के परसपट्टी गांव निवासी नागेश्वर राम, पुनौरा थाना क्षेत्र के रंजीत पुर गोट निवासी जोधन पासवान, विजय पासवान एवं तलखापुर निवास फैज खां शामिल था. सद्दाम के पास से चोरी की हीरो पैशन प्रो बाइक(बीआर 06एए 7311) भी बरामद किया गया था.
विवेक, गुंजन व रहमत की थी तलाश : पुलिस टीम को गिरोह के मास्टरमाइंड विवेक के अलावा रहमत व गुंजन की तलाश थी. पूछताछ में सद्दाम ने स्वीकार किया था कि वह चोरी की घटनाओं में स्वयं सक्रिय रहता था. उसके गिरोह के खास सदस्य गिरमिसानी गांव निवासी उपेंद्र राय का पुत्र विवेक कुमार उर्फ कबरा व बेला थाना क्षेत्र के भेड़रहिया गांव निवासी वीर बहादुर राय का पुत्र गुंजन कुमार चोरी की बाइक को बेला के रास्ते नेपाल टपाता था. बताया था कि चोरी की इन गाड़ियों को नेपाल टपाने में गिरमिसानी निवासी रहमत अंसारी व गिरफ्तार फैज खां की मुख्य भूमिका रहती थी.
