तीन दिन की अवधि बीतने पर संचालक नहीं प्रस्तुत कर सका कागजात
मामले में शहर के संजीवनी हॉस्पिटल को मिली क्लीन चिट
क्लिनिक सील करने से पूर्व मरीजों को सदर में कराया गया शिफ्ट
सीतामढ़ी : जिलाधिकारी डॉ रणजीत कुमार सिंह के निर्देश पर अवैध नर्सिंग होम व क्लिनिक के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान की कड़ी में सोमवार को शहर के अस्पताल रोड में अवैध तरीके से संचालित श्यामा क्लिनिक को सील कर दिया गया.
डुमरा बीडीओ मुकेश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग व नगर थाने की पुलिस टीम ने उक्त हॉस्पिटल में पहुंचकर पुन: जांच की तथा निबंधन से संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर सील कर दिया. बीडीओ ने बताया कि छह जून को सदर एसडीओ व डीएसपी के नेतृत्व में शहर के निजी क्लिनिकों पर छापेमारी की गयी थी. इसमें श्यामा क्लिनिक व संजीवनी हॉस्पिटल की जांच की गयी. दोनों क्लिनिक के संचालक को तीन दिन के भीतर क्लिनिक संचालन से संबंधित मूल कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया था.
परंतु संजीवनी हॉस्पिटल हीं वैध कागजात प्रस्तुत कर सका. जांच के दौरान श्यामा हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों को सदर अस्पताल में शिफ्ट करा दिया गया. मालूम हो कि कुछ दिन पूर्व हीं प्रभात खबर ने सदर अस्पताल में चिकित्सकीय कोताही तथा निजी क्लिनिकों में सक्रिय दलाल की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए निरीक्षण के साथ हीं अवैध क्लिनिकों में छापेमारी शुरू कर दी.
