सीतामढ़ी : चार-पांच दिनों के अंतराल पर लगातार आंधी-पानी के साथ ओलों की बारिश होने से जिले के किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है. मंगलवार की शाम एक बार फिर आंधी-पानी के साथ ओलों की बारिश हुई, जिसके बाद किसानों की चिंता और बढ़ गयी है. आम-लीची के फसलों को पूर्व में ही काफी नुकसान हो चुका था.
मंगलवार की शाम आयी आंधी-पानी के साथ ओले बरसने के बाद किसानों की परेशानी और बढ़ गयी है. ज्यादातर खेतों में गेहूं की फसल कटनी अभी बांकी है. किसान खेतों के सूखने के इंतजार में कटनी नहीं करा पा रहे हैं. खेतों के सूखने से पहले ही बारिश हो जा रही है. कई खेतों में गेहूं फसल की कटाई कर सूखने के लिए रखा गया था. बारिश होने के चलते अब किसान चिंतित हैं कि गेहूं की कटाई कैसे होगी?
