एक भी स्थान पर यूरिनल नहीं

सीतामढ़ी : शहर के मुख्य व्यावसायिक मंडियों में शामिल कोट बाजार स्थित गोला मंडी में समस्याओं का अंबार है. यहां 24 घंटे छोटे-बड़े वाहनों के आने-जाने का सिलसिला जारी रहता है. शाम के बाद तो व्यापारियों को थोड़ी राहत मिल जाती है, लेकिन सुबह होते ही व्यापारियों की मुसीबत शुरू हो जाती है. गोला मंडी […]

सीतामढ़ी : शहर के मुख्य व्यावसायिक मंडियों में शामिल कोट बाजार स्थित गोला मंडी में समस्याओं का अंबार है. यहां 24 घंटे छोटे-बड़े वाहनों के आने-जाने का सिलसिला जारी रहता है.

शाम के बाद तो व्यापारियों को थोड़ी राहत मिल जाती है, लेकिन सुबह होते ही व्यापारियों की मुसीबत शुरू हो जाती है. गोला मंडी से मेन रोड, गुदरी बाजार, बासुश्री चौक व पासवान चौक, जानकी स्थान तथा रिंग बांध पर जाने के लिए कई रास्ते निकलते हैं. लेकिन इन सभी रास्तों की सड़कों की चौड़ाई जरूरत से कम है. ऊपर से सड़क किनारे दर्जनों पिकअप, मिनी ट्रक व ठेला को पार्क कर दिया जाता है, जिसके चलते सड़कों पर हमेशा जाम की समस्या उत्पन्न होती रहती है.
व्यापारियों को सबसे अधिक परेशानी बरसात के दिनों में होती है. जल निकासी का विकल्प नहीं रहने के चलते दुकानों में पानी घुस जाता है. इतनी बड़ी मंडी में नगर परिषद की ओर से दशकों पूर्व बनाया गया एकमात्र शौचालय है, जिसकी हालत ऐसी है कि उसका उपयोग करना हर किसी के बस की बात नहीं. पूरे मंडी में एक भी स्थानों पर यूरिनल की व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते लोगों को खुले में किसी गलियों का सहारा लेना पड़ता है.
अजय कुमार, मसाला के थोक व्यापारी: गोला मंडी शहर का मुख्य किराना मंडी है, लेकिन यहां व्यापारियों को हमेशा जाम की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है. बरसात के दिनों में तो व्यापारियों पर सामत ही आ जाती है. जल निकासी की समस्या दशकों से बरकरार है. इसका समाधान नहीं निकाला जा रहा है. पूरे मंडी में कहीं भी पार्किंग की सुविधा नहीं है, जिसके चलते सड़कों पर ही छोटी-बड़ी गाड़ियों को अवैध रूप से खड़ी कर दी जाती है.
इससे व्यापारियों समेत आम लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
गोला मंडी में समस्याओं का अंबार है, जिस पर नगर परिषद व जिला प्रशासन को ध्यान देने की जरूरत है.
महेश प्रसाद, किराना सामग्री के थोक व्यापारी: सड़कें जितनी चौड़ी है, उसको भी यदि अतिक्रमणमुक्त रखा जाये तो व्यापारियों की परेशानी काफी कम हो जायेगी, लेकिन ऐसा होता नहीं है. सड़क पर ही गाड़ियों को पार्क कर दिया जाता है. पुलिस वाले गश्ती में आते हैं, लेकिन अतिक्रमण को खाली करवाने का कभी प्रयास नहीं किया जाता है. अनेक परेशानियों से तंग आकर यहां के कई व्यापारी अपना बाजार समेट कर विदा हो चुके हैं. कई व्यापारी दूसरे जगहों पर शिफ्ट हो चुके हैं. गोला मंडी में दो बैंक है, लेकिन बैंक समेत कोई भी व्यापारी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे है. कई बार चोरी व छिनतई की घटना घट चुकी है. यहां सीसीटीवी कैमरा लगाना अति आवश्यक हो गया है.
इन सुविधाओं की जरूरत
आवश्यक जगहों पर यूरिनल की व्यवस्था हो
उचित स्थान पर शौचालय निर्माण करना जरूरी
गोला मंडी में पार्किंग की व्यवस्था अत्यावश्यक
अतिक्रमण खाली कराने की है आवश्यकता
जलनिकासी का उचित प्रबंध करने की जरूरत
सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक जगहों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की जरूरत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >