Sitamarhi: लापरवाह गैस एजेंसियों पर भड़के डीएम, बैकलॉग खत्म करने का निर्देश

Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिलाधिकारी ने खराब प्रदर्शन करने वाली गैस एजेंसियों को अल्टीमेटम दिया है. श्रीधिका, साहिल और निहाल गैस एजेंसी जैसी इकाइयों को बैकलॉग खत्म करने और होम डिलीवरी सुधारने का निर्देश देते हुए कालाबाजारी रोकने की चेतावनी दी गई है. पढ़ें पूरी खबर…

Sitamarhi News: जिले में रसोई गैस (LPG) की आपूर्ति और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है. बैठक के दौरान कई प्रमुख गैस एजेंसियों का प्रदर्शन बेहद खराब पाया गया, जिसके बाद जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सुधार न होने पर लाइसेंस रद्द करने जैसी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है.

इन एजेंसियों का प्रदर्शन रहा सबसे खराब

समीक्षा के दौरान पाया गया कि श्रीधिका इंडेन गैस एजेंसी, राजीव एवं प्रशांत गैस एजेंसी, निहाल गैस एजेंसी और साहिल गैस एजेंसी का परफॉर्मेंस काफी लचर है. इन एजेंसियों के खिलाफ उपभोक्ताओं की शिकायतों का अंबार लगा है और गैस सिलेंडर का बैकलॉग भी काफी अधिक है. समय पर सिलेंडर न मिलने से आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

बैकलॉग खत्म करने का आदेश

जिलाधिकारी ने इन सभी एजेंसियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया है कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाएं. उन्होंने कहा कि एजेंसियां अविलंब अपना पुराना बैकलॉग खत्म करें और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करें. उपभोक्ताओं को गैस के लिए एजेंसी का चक्कर न काटना पड़े, इसके लिए सख्त हिदायत दी गई है.

कालाबाजारी पर लगेगी लगाम, होगी कड़ी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा है कि गैस की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर पैनी नजर रखें. यदि भविष्य में उपभोक्ताओं की शिकायतें कम नहीं हुईं या कालाबाजारी की सूचना मिली, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >