Sawan Festival Bihar : शेखपुरा जिले के बरबीघा नगर परिषद क्षेत्र स्थित तैलिक पंचायत भवन में रविवार को महिलाओं द्वारा हर्षोल्लास के साथ सावन महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ महिलाओं ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया.
महोत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक हरे रंग की साड़ी, हरी चूड़ियां और बिंदी पहनकर भाग लिया, जिससे पूरा परिसर सावन के रंग में रंगा नजर आया.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मनोरंजक प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने सावन से जुड़े पारंपरिक गीतों पर प्रस्तुति दी. इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक, म्यूजिकल चेयर दौड़ सहित विभिन्न मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और एक-दूसरे का उत्साहवर्धन किया.
अंजू गुप्ता का संबोधन और सावन का महत्व
इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए अंजू गुप्ता ने कहा कि सावन महोत्सव केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और पारिवारिक मूल्यों को सहेजने का भी पर्व है.
उन्होंने कहा कि सावन का महीना प्रकृति, प्रेम, सौहार्द और आस्था का प्रतीक है. सावन महोत्सव के माध्यम से महिलाएं एक-दूसरे के साथ मिलकर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करती हैं.
पर्यावरण संरक्षण का संदेश और महिलाओं से आह्वान
हरा रंग केवल सावन का प्रतीक नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं.
उन्होंने महिलाओं से सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा को आगे लाने का भी आह्वान किया.
Also Read : कोईलवर का संगमेश्वरनाथ मंदिर : गंगा-सोन संगम पर विराजे महादेव, शिवलिंग में दिखती है गौरी-गणेश की आकृति
