Sheikhpura News : शेखपुरा जिला के अरियरी प्रखंड की सनैया पंचायत के धनौल गांव में पेयजल संकट और स्कूल भवन निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर दिखा. ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने धनौल मोड़ के समीप शेखपुरा-शाहपुर मुख्य पथ जाम कर प्रदर्शन किया. सड़क जाम के कारण करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
महीनों से ठप है नल-जल योजना, चापाकल भी सूखने लगे
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में महीनों से नल-जल योजना बंद पड़ी है. दूसरी ओर, कई चापाकल भी सूखने लगे हैं. ऐसे में ग्रामीणों के सामने पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गयी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका.
स्कूल भवन नहीं होने से दो किमी दूर जाते हैं बच्चे
ग्रामीणों ने बताया कि धनौल गांव में स्कूल भवन नहीं होने के कारण सैकड़ों बच्चों को करीब दो किलोमीटर दूर जेखौर गांव स्थित स्कूल में पढ़ने जाना पड़ता है. बच्चों को मुख्य सड़क से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे अभिभावकों को हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ग्रामीण पिछले एक वर्ष से गांव में स्कूल भवन निर्माण की मांग कर रहे हैं.
सड़क जाम से स्कूली बस और कांवड़ियों को हुई परेशानी
ग्रामीणों के प्रदर्शन के कारण मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. स्कूल बस, कांवड़ियों, ड्यूटी पर जाने वाले लोगों और अन्य राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई. जाम की सूचना मिलने पर अरियरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया.
अधिकारियों के आश्वासन पर हटाया गया जाम
मौके पर पीएचईडी के कनीय अभियंता राहुल कुमार भी पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और नल-जल योजना से संबंधित समस्या की जांच कर उसे चालू कराने की कार्रवाई का आश्वासन दिया. पुलिस और अधिकारियों के समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद मुख्य पथ पर यातायात बहाल हो सका. पीएचईडी विभाग अब नल-जल योजना बंद होने के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई में जुटा है.
