Sheikhpura Electric Motor Theft : शेखपुरा जिले के कोरमा थाना क्षेत्र के सुजावलपुर गांव में ग्रामीणों ने बिजली पटवन मोटर चोरी कर रहे दो बदमाशों को खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को ग्रामीणों की भीड़ से सुरक्षित निकालकर मॉब लिंचिंग की घटना होने से बचाया.
पूछताछ में कबाड़खाने का मिला सुराग
पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों आरोपी कोरमा थाना क्षेत्र के गगौर गांव के रहने वाले हैं. पूछताछ के दौरान दोनों ने पूर्व में चोरी किए गए बिजली मोटरों को शेखपुरा नगर क्षेत्र के अरघौती पोखर के पास स्थित कबाड़खाने में बेचने की जानकारी दी.
कबाड़खाना संचालक को भी पुलिस ने दबोचा
दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर कोरमा थाना पुलिस ने अरघौती पोखर के निकट स्थित कबाड़खाने में छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने दो चोरी के बिजली मोटर बरामद किए. पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में कबाड़खाना संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया.
महेंद्र यादव के कबाड़खाने से बरामद हुए मोटर
गिरफ्तार कबाड़खाना संचालक की पहचान शहर के बुधौली बाजार निवासी लालजीत यादव के पुत्र महेंद्र यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कबाड़खाने से दो चोरी के बिजली मोटर बरामद किए हैं. मामले में कोरमा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
तीनों आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद न्यायिक प्रक्रिया पूरी की. कबाड़खाना संचालक महेंद्र यादव को भी पुलिस निगरानी में शेखपुरा जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है.
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हुई छापेमारी
पूरी कार्रवाई का नेतृत्व कोरमा थानाध्यक्ष सह पुलिस सब इंस्पेक्टर मुरारी कुमार ने किया. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.
