Shiekhpura Snake Rescue: बारिश के मौसम में सांपों के अपने प्राकृतिक आवास से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने की संभावना बढ़ जाती है. मंगलवार को चाईबासा के लुपुंगगुटू गांव में खूंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा के घर के आंगन में स्पेक्टिकल कोबरा (नाग सांप) पहुंच गया. सांप को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. बताया गया कि जंगल की ओर से भटकते हुए सांप घर के आंगन तक पहुंचा था. इसके बाद प्रखंड प्रमुख ने सावधानीपूर्वक कोबरा का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया.
प्रखंड प्रमुख का दूसरा सफल रेस्क्यू
सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि यह उनका दूसरा सफल सांप रेस्क्यू है. इससे पहले उन्होंने एक अजगर का भी सुरक्षित रेस्क्यू कर वन विभाग को सौंपा था. उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में सांप अक्सर अपने प्राकृतिक आवास से निकलकर भटकते हुए घरों और आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं.
उन्होंने कहा कि सांप प्रकृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. इसलिए उन्हें मारने के बजाय सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ना चाहिए.
सांप दिखे तो नहीं करें छेड़छाड़
सिद्धार्थ होनहागा ने लोगों से सांप को छेड़ने या हाथ से पकड़ने का प्रयास नहीं करने की अपील की. उन्होंने कहा कि ऐसा करने से जान का खतरा हो सकता है. रात में सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने और अंधेरे में टॉर्च लेकर ही बाहर निकलने की सलाह दी.
खेतों में जाते समय बरतें सावधानी
उन्होंने कहा कि खेतों में जाते समय जूते-चप्पल पहनें और साथ में लाठी रखें. सांप के काटने पर झाड़-फूंक या ओझा-गुनी के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए. ऐसी स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराना चाहिए.
