Sheikhpura Solar Mela : प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से सरकारी कर्मियों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सोमवार, 24 अगस्त को सोलर मेला आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. बिजली कंपनी और बैंकों के सहयोग से यह मेला समाहरणालय के बाहर काशीनाथ परिसर के सामने आयोजित किया जा रहा है.
प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति के निर्देश
इस संबंध में जिलाधिकारी शेखर आनंद ने आदेश जारी कर सभी बीडीओ-सीओ के साथ-साथ शिक्षा, कृषि, पंचायती राज और जिला स्तरीय जीविका, आंगनबाड़ी, ग्रामीण विकास विभाग आदि के अधिकारियों को इस मेला में उपस्थित रहने को कहा है.
योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर
बताया गया कि इस मेला के आयोजन का मुख्य उद्देश्य इसका वृहद पैमाने पर प्रचार-प्रसार करना है, ताकि लोग इस योजना का अधिक से अधिक लाभ ले सकें और इसके प्रति जागरूक हो सकें.
केंद्र और राज्य सरकार द्वारा मिलने वाला अनुदान
वर्तमान में केंद्र सरकार द्वारा इस योजना के तहत अधिकतम 78,000 रुपये और राज्य सरकार द्वारा अधिकतम 20,000 रुपये यानी कुल 98,000 रुपये तक का अनुदान प्राप्त हो रहा है, जिससे नागरिकों को काफी आर्थिक सहायता मिलती है.
सरकारी कर्मियों की सहभागिता से प्रेरणा
इस योजना में अधिक से अधिक लोगों को शामिल करने के लिए सरकारी कर्मियों को स्वयं इस योजना में पहले शामिल होना होगा, ताकि यह दूसरों के लिए प्रेरणा स्रोत बन सके और इससे अन्य लोगों को जोड़ने में भी मदद मिल सके.
