छह दिन बाद खत्म हुआ पप्पू राज मंडल का अनशन, घाटकुसुम्भा को बाढ़ग्रस्त घोषित करने का मिला भरोसा

सामाजिक कार्यकर्ता पप्पू राज मंडल ने घाटकुसुम्भा प्रखंड को बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग को लेकर छह दिनों तक चला आमरण अनशन समाप्त कर दिया है. अधिकारियों के आश्वासन के बाद उन्होंने जूस पीकर अनशन तोड़ा. आपदा प्रबंधन विभाग की टीम ने नुकसान का आकलन किया है.

Flood Affected Area: घाटकुसुम्भा प्रखंड को बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता पप्पू राज मंडल द्वारा पिछले छह दिनों से जारी आमरण अनशन रविवार की दोपहर समाप्त हो गया. प्रशासनिक अधिकारियों ने अनशन स्थल पर पहुंचकर पप्पू राज मंडल को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया. इस दौरान एडीएम लखीन्द्र पासवान, एसडीपीओ डॉ राकेश कुमार एवं डीएसपी राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से बातचीत की.

अपर सचिव ने आवश्यक कार्रवाई का दिया भरोसा

अधिकारियों के माध्यम से आपदा प्रबंधन विभाग के अपर सचिव ने भरोसा दिलाया कि घाटकुसुम्भा प्रखंड को बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. आश्वासन मिलने के बाद पप्पू राज मंडल ने छह दिनों से जारी अपना अनशन समाप्त किया. आंदोलन के दौरान घाटकुसुम्भा प्रखंड के बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं और उन्हें राहत एवं उचित सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठायी गयी.

बड़ी संख्या में लोग धरना स्थल पर रहे मौजूद

अनशन स्थल पर राजेश रंजन उर्फ गुरु मुखिया, विपिन चौरसिया, प्रेम कुमार गुप्ता, अमीर राज मंडल, दीपक कुमार, चंदन कुमार, रमाश्रेय महतो, विजय कुमार, दिनेश मोगिया, सुमन देवी, राजाराम प्रसाद, पूर्व मुखिया शिवशंकर प्रसाद, संजय कुमार, शेखर कुमार, राजेश सिंह एवं सतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.

आंदोलनकारियों ने कहा कि छह दिनों तक चले इस संघर्ष का उद्देश्य घाटकुसुम्भा के बाढ़ पीड़ितों की आवाज को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना था. प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन के बाद अनशन समाप्त किया गया है. अब सभी की नजर सरकार द्वारा किये गये वादे और आगे की कार्रवाई पर रहेगी.

जूस पिलाकर अनशन तुड़वाते एडीएम.

आपदा प्रबंधन विभाग की राज्य स्तरीय टीम ने किया बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन

घाटकुसुम्भा प्रखंड को बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता पप्पू राज मंडल आमरण अनशन पर थे. शनिवार को अनशन के पांचवें दिन आपदा प्रबंधन विभाग की राज्य स्तरीय टीम ने घाटकुसुम्भा पहुंचकर बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया. टीम ने प्रखंड को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र माना.

इस दौरान टीम आमरण अनशन स्थल पर भी पहुंची थी और सरकार की ओर से बाढ़ आपदा के तहत मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया था. इसके बाद रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया.

अनशन तुड़वाने के बाद सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती

आमरण अनशन तुड़वाने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता पप्पू राज मंडल को उनके स्वास्थ्य को देखते हुए फिलहाल सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया गया है. यहां बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी पहुंचकर उनका हालचाल जान रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतेंद्र कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >