Shekhpura News: (प्रदीप कुमार की रिपोर्ट) शेखपुरा के अरियरी प्रखंड के एफनी पंचायत अंतर्गत धनकौल गांव स्थित कब्रिस्तान की जमीन पर हुए अतिक्रमण को लेकर चल रहा विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है. प्रशासन ने मामले में कार्रवाई करते हुए सोमवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया.
सीओ अंकु गुप्ता के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम धनकौल गांव पहुंची, जहां जेसीबी मशीन की सहायता से कब्रिस्तान की जमीन पर रखी मिट्टी, नाद तथा मिट्टी से बने घर को हटाया गया. कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. अरियरी थाना अध्यक्ष अखलेश कुमार सिंह भी मौके पर मौजूद रहे. प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है.
कुछ लोगों ने प्रशासन पर लगाया आरोप
हालांकि, गांव के नियाज खान उर्फ गोल्डन, नियाज अहमद, मोहम्मद मोबीन खान सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि कब्रिस्तान को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया और प्रशासन ने केवल औपचारिकता निभाई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कब्रिस्तान की स्थायी घेराबंदी कराई जाए, ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की समस्या उत्पन्न न हो.
