शेखपुरा : नगर पंचायत के शेखोपुरडीह गांव निवासी कन्हैया कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई. वह देवेंद्र सिंह के पुत्र बताए गए हैं. बुधवार की शाम करीब 7 बजे नवादा जिले के अकौना बाजार के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
शेखोबाजार में श्रृंगार दुकान संचालक देवेंद्र सिंह के पुत्र की मौत की खबर से शेखोपुरसराय बाजार में शोक की लहर दौड़ गई. इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार कन्हैया कुमार मोटरसाइकिल से नवादा से अपने घर लौट रहे थे.
इसी दौरान अकौना बाजार के पास उनकी मोटरसाइकिल की टक्कर एक जेसीबी मशीन से हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही नवादा मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया.
पुलिस ने घटना की जानकारी शेखोपुर सराय थाना को भी दी. सूचना मिलने के बाद परिजन नवादा पहुंचे. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर रात्रि शव को एंबुलेंस से उनके पैतृक गांव शेखोपुर डीह, शेखोपुरसराय लाया गया. गांव में शव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है . पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा.बताया जाता है कि कन्हैया कुमार का विवाह दो वर्ष पूर्व हुआ था. उनके परिवार में पत्नी और एक छोटी सी बेटी है. जवान बेटे की असमय मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं पत्नी और मासूम बच्ची का विलाप देख हर किसी की आंखें नम हो गईं. स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
