Sheikhpura News : नई दिल्ली में आयोजित दिल्ली छात्र संसद-2026 में शेखपुरा जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले और बिहार का नाम रोशन किया. बिहार से चयनित 10 प्रतिभागियों में पांच छात्र अकेले शेखपुरा जिले से रहे. इन प्रतिभागियों ने 19 और 20 जुलाई को एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद कार्यक्रम में भाग लेकर लोकतंत्र, संसदीय परंपराओं, नेतृत्व क्षमता और समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर अपने विचार रखे.
अनंगपाल बने बिहार के राज्य समन्वयक
इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि बरबीघा निवासी अनंगपाल को बिहार का राज्य समन्वयक बनाया गया. उन्होंने राज्य समन्वयक के साथ-साथ प्रतिभागी के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभाई. अनंगपाल डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल, बरबीघा के छात्र हैं. उनके पिता आचार्य गोपाल पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय, बरबीघा में शिक्षक, साइंस फॉर सोसाइटी, शेखपुरा के जिला समन्वयक तथा बिहार हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष हैं.
शेखपुरा के पांच छात्रों ने किया प्रतिनिधित्व
शेखपुरा से चयनित प्रतिभागियों में अनंगपाल के अलावा सम्यक राज, उज्ज्वल राज, आदित्य राज और राजवर्धन शामिल हैं. सम्यक राज, उज्ज्वल राज और आदित्य राज डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल, बरबीघा के छात्र हैं, जबकि राजवर्धन पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय, बरबीघा के छात्र हैं. सभी ने राष्ट्रीय मंच पर जिले और राज्य का प्रतिनिधित्व किया.
राष्ट्रपति भवन भ्रमण का मिलेगा अवसर
कार्यक्रम के समापन पर 250 प्रतिभागियों में से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-50 प्रतिभागियों का चयन किया गया. चयनित प्रतिभागियों को 21 जुलाई को राष्ट्रपति भवन के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर मिलेगा. इसे उनकी नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट प्रदर्शन का सम्मान माना जा रहा है. अनंगपाल ने कहा कि बिहार का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है. राज्य समन्वयक के रूप में मिली जिम्मेदारी ने उन्हें और अधिक उत्तरदायी बनाया है. उन्होंने भविष्य में भी बिहार के अधिक से अधिक युवाओं को ऐसे राष्ट्रीय मंचों से जोड़ने की प्रतिबद्धता जताई. इस उपलब्धि पर जिले के शिक्षकों, अभिभावकों और गणमान्य लोगों ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी. एक ही जिले से पांच विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन और उनमें से एक को बिहार का राज्य समन्वयक बनाया जाना शेखपुरा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
